हाई रिटर्न का झांसा देकर महिला से 7.51 लाख की साइबर ठगी

हाई रिटर्न का झांसा देकर महिला से 7.51 लाख की साइबर ठगी

बीमा पॉलिसी के नाम पर निवेश कराए पैसे, साइबर क्राइम थाना कर रहा जांच

वाराणसी (रणभेरी): शहर में साइबर ठगी का एक और बड़ा मामला सामने आया है। सिगरा थाना क्षेत्र की एक महिला से बीमा पॉलिसी में निवेश और भारी रिटर्न का लालच देकर साइबर ठगों ने 7 लाख 51 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़िता ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, ठगी की शुरुआत एक फोन कॉल से हुई। कॉल करने वाले ने खुद को एक बीमा कंपनी का प्रतिनिधि बताया और महिला को बताया कि उसकी पुरानी पॉलिसी पर भारी रिटर्न मिलने वाला है। विश्वास जीतने के लिए ठगों ने प्रोसेसिंग फीस, टैक्स और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर अलग-अलग किस्तों में पैसे ट्रांसफर कराए।

बताया गया कि आरोपियों ने करीब 40 लाख रुपये तक के लाभ का झांसा दिया, जिसके बाद महिला अलग-अलग बैंक खातों में रकम भेजती रही। इस तरह साइबर ठगों ने धीरे-धीरे 7.51 लाख रुपये ऐंठ लिए।

कुछ समय बाद जब कोई रिटर्न नहीं मिला और ठग नए बहाने बनाकर और पैसे मांगने लगे, तब महिला को शक हुआ। संपर्क करने पर नंबर बंद मिले, जिसके बाद उसने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल या हाई रिटर्न निवेश के झांसे में न आएं और तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *