वाराणसी में एंटी रोमियो स्क्वॉड की कार्रवाई: अश्लील इशारे करने के आरोप में दो युवतियां गिरफ्तार, न्यायालय में पेशी के बाद जेल भेजीं

वाराणसी में एंटी रोमियो स्क्वॉड की कार्रवाई: अश्लील इशारे करने के आरोप में दो युवतियां गिरफ्तार, न्यायालय में पेशी के बाद जेल भेजीं

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन के बाहर चौकाघाट-लहरतारा फ्लाईओवर के नीचे शुक्रवार शाम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवतियों को गिरफ्तार किया। आरोप है कि दोनों राहगीरों को देखकर आपत्तिजनक इशारे और अशोभनीय टिप्पणियां कर रही थीं। स्थानीय लोगों की शिकायत मिलने के बाद एंटी रोमियो स्क्वॉड मौके पर पहुंचा और दोनों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद शनिवार दोपहर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।

लोगों की शिकायत पर पहुंची पुलिस

सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि एंटी रोमियो स्क्वॉड नियमित रूप से स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी करता है। शुक्रवार शाम कैंट रेलवे स्टेशन के पास स्थित कमलापति त्रिपाठी गर्ल्स कॉलेज के आसपास तैनात एंटी रोमियो टीम को सूचना मिली कि चौकाघाट-लहरतारा फ्लाईओवर के पिलर संख्या 57 से 60 के बीच दो युवतियां संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हैं और राहगीरों को परेशान कर रही हैं।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए एंटी रोमियो स्क्वॉड की प्रभारी सब-इंस्पेक्टर काजोल सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं।

चेहरा ढककर कर रही थीं आपत्तिजनक हरकतें

पुलिस के अनुसार, मौके पर पहुंचने पर दोनों युवतियों ने अपने चेहरे ढके हुए थे। आरोप है कि वे वहां से गुजर रहे लोगों की ओर अश्लील इशारे कर रही थीं और आपत्तिजनक बातें कहकर उनका ध्यान आकर्षित करने की कोशिश कर रही थीं। टीम ने तत्काल दोनों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया, जहां उनसे पूछताछ की गई। प्रारंभिक जांच में दोनों युवतियों के बिहार निवासी होने की जानकारी सामने आई है।

बीएनएस की धारा 296 में दर्ज हुआ मामला

पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों युवतियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वाराणसी में यह पहला मामला माना जा रहा है, जब एंटी रोमियो स्क्वॉड ने सार्वजनिक स्थान पर अश्लील इशारे और अभद्र व्यवहार के आरोप में दो युवतियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार की अशोभनीय गतिविधि या राहगीरों को परेशान करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *