मुंबई में नौकरी कर रहे युवक से फोन पर कराया गया निकाह, मां की मंजूरी न मिलने पर घर में हुआ था विवाद
(रणभेरी): उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के मोतीपुर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक युवती अपने प्रेमी से शादी करने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। परिजनों और ग्रामीणों ने उसे नीचे उतारने की काफी कोशिश की, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही। मौके पर पहुंची पुलिस ने भी युवती को समझाया। करीब तीन घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद गांव की मस्जिद से काजी को बुलाया गया। इसके बाद मुंबई में रह रहे युवक और टावर पर मौजूद युवती की फोन के माध्यम से निकाह की रस्म पूरी कराई गई। निकाह की बात पर भरोसा होने के बाद युवती नीचे उतर आई।
पांच महीने से चल रहा था प्रेम प्रसंग
यह मामला जिला मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर दूर मोतीपुर इलाके के बसथनवा गांव का है। यहां रहने वाले 21 वर्षीय फखरुद्दीन उर्फ नूरुद्दीन और 19 वर्षीय साहिबा बेगम उर्फ महक के बीच पिछले पांच महीने से प्रेम संबंध थे। दोनों के घर अलग-अलग मोहल्लों में हैं और उनके बीच लगभग एक किलोमीटर की दूरी है।
बताया गया कि नूरुद्दीन करीब दो महीने पहले नौकरी करने के लिए मुंबई चला गया था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार की सहमति नहीं मिल पा रही थी। महक के पिता का निधन हो चुका है। उसकी मां हसमतुन्निशा मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करती हैं। वह बेटी के इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थीं।
मां से विवाद के बाद उठाया कदम
शुक्रवार सुबह शादी को लेकर महक और उसकी मां के बीच फिर से कहासुनी हो गई। इसके बाद महक घर से निकलकर गांव के बाहर लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। ग्रामीणों ने उसे टावर पर देखा तो नीचे आने के लिए कहा, लेकिन युवती ने साफ कर दिया कि उसकी शादी नूरुद्दीन से कराई जाए।
उसने यह भी चेतावनी दी कि यदि कोई उसे जबरन नीचे उतारने के लिए पास आया तो वह कूद सकती है। इस बात से ग्रामीण चिंतित हो गए और उन्होंने पुलिस तथा दोनों परिवारों को सूचना दी।
पुलिस की मौजूदगी में फोन पर कराया निकाह
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम महिला पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंची। काफी देर तक युवती को समझाने और सुरक्षित नीचे लाने की कोशिश की गई। उसे आश्वासन दिया गया कि उसकी बात पर विचार किया जाएगा, लेकिन वह टावर से उतरने को तैयार नहीं हुई।
आखिरकार ग्रामीणों और परिजनों की सहमति से निकाह कराने का रास्ता निकाला गया। गांव की मस्जिद से काजी को बुलाया गया। काजी ने पहले मुंबई में मौजूद नूरुद्दीन से फोन पर बात की और उसकी रजामंदी ली। इसके बाद टावर पर चढ़ी महक से भी फोन पर निकाह कबूल कराया गया।
निकाह की प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी मिलने के बाद महक नीचे आने के लिए तैयार हुई। महिला पुलिसकर्मियों की सहायता से उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इस पूरी घटना के दौरान मौके पर तीन घंटे से अधिक समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
नीचे उतरने के बाद मां ने फिर जताई असहमति
युवती के टावर से नीचे आने के बाद भी विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हुआ। महक की मां ने दोबारा इस रिश्ते को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि यदि बेटी अपनी मर्जी से उसी युवक के साथ रहना चाहती है, तो वह घर छोड़ सकती है। इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। वहां बातचीत और समझाइश के बाद महक को उसकी मां के साथ घर भेज दिया गया।
पुलिस ने क्या कहा?
मोतीपुर थाना प्रभारी ब्रह्मानंद गौड़ के मुताबिक, मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। युवक से निकाह करने की जिद में युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई थी। निकाह की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। फिलहाल उसे परिवार के साथ घर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
