प्रतापगढ़ पहुंचीं यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना, जेसीबी से बरसे गुलाब के फूल, पांच घोड़ों के साथ निकला काफिला

प्रतापगढ़ पहुंचीं यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना, जेसीबी से बरसे गुलाब के फूल, पांच घोड़ों के साथ निकला काफिला

अगई बॉर्डर से लालगंज तक 15 किलोमीटर तक हुआ भव्य स्वागत, पिता प्रमोद तिवारी और बेटे राघव मिश्रा भी रहे मौजूद

(रणभेरी): यूपी कांग्रेस की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ के पहली बार अपने गृह जनपद प्रतापगढ़ पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। अगई बॉर्डर से लेकर लालगंज तक जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। कहीं जेसीबी मशीनों से गुलाब की पंखुड़ियां बरसाई गईं, तो कहीं ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच उनका अभिनंदन किया गया। मोना के काफिले के आगे पांच घोड़े चले। इस दौरान सड़क के दोनों ओर समर्थकों की भीड़ जुटी रही।

आराधना मिश्रा मोना के साथ उनके पिता और राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी, बेटे राघव मिश्रा और छोटी बहन विजयश्री सोना भी मौजूद रहीं। अगई बॉर्डर से लालगंज तक करीब 15 किलोमीटर के रास्ते को कांग्रेस के झंडों, बैनरों और होर्डिंग से सजाया गया था। प्रदेश अध्यक्ष के प्रथम आगमन को यादगार बनाने के लिए कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह स्वागत की तैयारियां की थीं।

चार जेसीबी से बरसाए गुलाब के फूल

रानीगंज कैथौला बाजार में आराधना मिश्रा मोना और प्रमोद तिवारी के स्वागत के लिए चार जेसीबी मशीनें लगाई गई थीं। इन मशीनों से काफिले पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाई गईं। डीजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर कार्यकर्ता उत्साह के साथ झूमते नजर आए। यहां मोना, प्रमोद तिवारी और राघव मिश्रा को क्रेन के जरिए माला पहनाकर स्वागत किया गया।

काफिले की झलक पाने के लिए टेंपो ट्रैवलर पर चढ़े कार्यकर्ता

मोना के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। काफिले की एक झलक पाने के लिए कई कार्यकर्ता टेंपो ट्रैवलर के ऊपर चढ़ गए। वहीं, लखनऊ से प्रतापगढ़ पहुंचने के दौरान सलोन विधानसभा क्षेत्र के गणेशगंज में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाईवे पर उनका स्वागत किया। यहां फूल-मालाओं से अभिनंदन किया गया। पूरे रास्ते कई स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए।

लगातार तीसरी बार विधायक हैं आराधना मिश्रा

आराधना मिश्रा ‘मोना’ को कांग्रेस नेतृत्व ने दो अक्टूबर को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया था। 52 वर्षीय मोना प्रतापगढ़ की रामपुर खास विधानसभा सीट से लगातार तीसरी बार विधायक हैं। वह उत्तर प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता भी हैं। दो दशक से अधिक समय से राजनीति में सक्रिय मोना को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का करीबी माना जाता है।

नौ बार विधायक रह चुके हैं प्रमोद तिवारी

आराधना मिश्रा के पिता प्रमोद तिवारी राजस्थान से राज्यसभा सांसद हैं और उच्च सदन में विपक्ष के उपनेता की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वह प्रतापगढ़ की रामपुर खास विधानसभा सीट से नौ बार विधायक रह चुके हैं। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में भी काम कर चुके प्रमोद तिवारी के समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से भी अच्छे संबंध बताए जाते हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *