वाराणसी (रणभेरी): शहर के सर्किट हाउस में आयोजित महिला आयोग की जनसुनवाई के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया। सुनवाई के दौरान एक परिवार ने पंडित दीनदयाल अस्पताल के चिकित्सकीय उपचार पर सवाल उठाते हुए आयोग से शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि अस्पताल में मरीज का दूरबीन तकनीक से ऑपरेशन किया गया था, लेकिन सर्जरी के बाद मरीज की तबीयत में सुधार होने के बजाय स्थिति और बिगड़ गई। परिजनों के अनुसार, हालत गंभीर होने पर मरीज को दूसरे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जहां आगे का उपचार कराया गया।

शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि उपचार के नाम पर लगभग 15 हजार रुपये लिए गए, लेकिन अपेक्षित चिकित्सा सुविधा नहीं मिली। मामले को लेकर परिवार ने महिला आयोग से निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जनसुनवाई की अध्यक्षता कर रहीं महिला आयोग की सदस्य गीता विश्वास ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मामले की जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया। आयोग ने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी।
