एक्सल टूटने से सड़क पर खड़ा था सीमेंट लदा ट्रक, पीछे से आकर कार ने मारी जोरदार टक्कर
वाराणसी (रणभेरी): मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में बुधवार को प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। प्रयागराज से वाराणसी की ओर जा रही लेन पर एक सीमेंट लदा ट्रक अचानक एक्सल टूटने के कारण बीच सड़क पर खड़ा हो गया था। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सीधे खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकालकर ट्रामा सेंटर भेजा गया।
घायलों में प्रयागराज के शाहगंज पानदरीवा निवासी मोहम्मद शमी पुत्र मोहम्मद शरीफ, खुर्शीद अहमद पुत्र मोहम्मद इदरीश (60), आशिफ पुत्र अकबर अली (35) और बादशाह पुत्र जाकिर हुसैन (65) शामिल हैं। सभी का इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलने पर मिर्जामुराद पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। इसके बाद हाईवे पर यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
