वाराणसी (रणभेरी): चौक थाना क्षेत्र के बेनियाबाग स्थित हरिजन बस्ती में रविवार तड़के एक अधेड़ व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक अपने बेटे की आगामी सगाई में शामिल होने के लिए मिर्जापुर से वाराणसी आया था। घटना उस समय हुई जब वह घर के बाहर चारपाई पर सो रहा था। सुबह परिजनों ने उसे खून से लथपथ हालत में देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मृतक की पहचान 60 वर्षीय राजन के रूप में हुई है, जो मिर्जापुर जिले के नारायणपुर क्षेत्र का निवासी बताया गया है। परिजनों के अनुसार राजन की दो पत्नियां हैं। पहली पत्नी मिर्जापुर में रहती है, जबकि दूसरी पत्नी बेनियाबाग क्षेत्र में निवास करती है। दूसरी पत्नी के पुत्र की 20 जून को सगाई तय है, जिसमें शामिल होने के लिए राजन कुछ दिन पहले ही वाराणसी पहुंचे थे।
बताया जाता है कि शनिवार रात भोजन करने के बाद राजन घर के बाहर चारपाई पर सो गए थे। तड़के किसी समय अज्ञात हमलावर वहां पहुंचा और बेहद करीब से उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। सिर और शरीर में कई गोलियां लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी आसानी से फरार हो गए।
घटना की जानकारी सुबह उस समय हुई जब परिवार के सदस्य नींद से जागे। बाहर निकलकर देखा तो राजन चारपाई पर मृत पड़े थे और आसपास खून फैला हुआ था। इसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।

कुछ दिन पहले भी हुई थी हमले की कोशिश
मृतक के परिजनों का कहना है कि यह पहला हमला नहीं था। परिवार के अनुसार तीन दिन पहले रात में दो बाइक सवार संदिग्ध व्यक्ति घर के आसपास पहुंचे थे और राजन पर हमला करने का प्रयास किया था। उस समय राजन की नींद खुल गई थी और उन्होंने कथित रूप से हमलावरों के हाथ में हथियार देख लिया था। शोर मचाने पर परिवार के लोग बाहर निकल आए, जिसके बाद दोनों संदिग्ध वहां से भाग निकले थे। परिजनों का आरोप है कि उस घटना के बाद भी खतरा बना हुआ था और आखिरकार बदमाशों ने रविवार तड़के वारदात को अंजाम दे दिया।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
हत्या की सूचना मिलते ही चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। जांच के दौरान पुलिस को मौके से गोली के दो खोखे मिले हैं। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

सभी पहलुओं पर जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुरानी रंजिश, पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि उपलब्ध साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग भी यह जानने को उत्सुक हैं कि आखिर सगाई समारोह में शामिल होने आए व्यक्ति की हत्या के पीछे किसका हाथ है और हत्या की वजह क्या थी।
