(रणभेरी): भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश महामंत्री और पूर्व राज्यमंत्री (दर्जा प्राप्त) नानकदीन भुर्जी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मृतक के छोटे भाई प्रदीप कुमार गुप्ता ने हजरतगंज कोतवाली में तहरीर देकर बेल्थरा रोड से भाजपा विधायक हंसूराम के केयरटेकर मुहम्मद आरिफ पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में घटनास्थल से मिले साक्ष्य और अन्य परिस्थितियां आत्महत्या की ओर संकेत कर रही हैं। हालांकि पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सातवीं मंजिल से गिरने से हुई थी मौत
नानकदीन भुर्जी की मंगलवार 28 जुलाई को दारुलशफा स्थित नए विधायक निवास की सातवीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन नानकदीन भुर्जी दोपहर करीब दो बजे विधायक हंसूराम के आवास पर पहुंचे थे। उस समय विधायक वहां मौजूद नहीं थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने वहां मौजूद हेल्पर से कॉफी मंगवाई और कमरे में बैठकर इंतजार करने लगे।

कुछ देर बाद जब हेल्पर कॉफी लेकर वापस पहुंचा तो कमरे में नानकदीन भुर्जी नहीं मिले। इसी बीच बाहर से लोगों के शोर की आवाज सुनाई दी। नीचे जाकर देखा गया तो नानकदीन भुर्जी गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े थे। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
भाई ने उठाए सवाल
घटना के बाद नानकदीन भुर्जी के भाई प्रदीप कुमार गुप्ता ने पुलिस को दी गई शिकायत में केयरटेकर मुहम्मद आरिफ पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जाए और सच्चाई सामने लाई जाए।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य और अन्य जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसमूह
बुधवार सुबह मदेयगंज के खदरा स्थित नानकदीन भुर्जी के आवास से उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई। अंतिम यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। इस दौरान उनकी पत्नी मंजू देवी पति के निधन से भावुक होकर बेहोश हो गईं, जिसके बाद आसपास मौजूद महिलाओं ने उन्हें संभाला।
नानकदीन भुर्जी का अंतिम संस्कार बुधवार को भैंसाकुंड घाट पर किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से जारी है और सभी तथ्यों को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।
