वाराणसी (रणभेरी): समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को रायबरेली से PDA रथयात्रा की शुरुआत की। लखनऊ से कार के जरिए निगोहा पहुंचे अखिलेश यहां से विशेष रूप से तैयार किए गए PDA रथ पर सवार हुए और रायबरेली के लिए रवाना हुए। रास्ते में उन्होंने हनुमान मंदिर में दर्शन किए और गदा भी लहराई।
अखिलेश के रथ के साथ बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता चल रहे हैं। करीब 2 से 3 हजार कार्यकर्ताओं के अलावा लगभग 200 वाहनों का काफिला भी यात्रा में शामिल है। कार्यकर्ता डीजे की धुन पर नाचते और नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। रथयात्रा के कारण लखनऊ-रायबरेली हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बन गई। इस दौरान योगी सरकार में मंत्री दिनेश सिंह का काफिला भी जाम में फंस गया।
GIC मैदान में जनसभा, बुलडोजर से 21 किलो की माला
अखिलेश यादव रायबरेली के GIC मैदान में जनसभा करेंगे। उनके स्वागत के लिए सपा कार्यकर्ताओं ने विशेष तैयारी की है। पहली बार उनकी रैली में दो बुलडोजर मंगाए गए हैं। इनकी मदद से अखिलेश यादव को 21 किलो की फूलों की माला पहनाने की तैयारी है। रायबरेली पहुंचने पर जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

इसके बाद अखिलेश हरचंदपुर से सपा विधायक राहुल लोधी के आवास पर जाएंगे। यहां वह समाजवादी छात्रसभा के उन कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे, जिनकी 17 सितंबर को ABVP कार्यकर्ताओं और पुलिस से झड़प हुई थी। अखिलेश का यह दौरा इसी घटनाक्रम के बाद हो रहा है।
1.5 करोड़ में तैयार हुआ PDA रथ
अखिलेश यादव जिस PDA रथ पर सवार होकर रायबरेली पहुंचे हैं, उसे करीब नौ साल पुरानी मर्सिडीज बस को मॉडिफाई कर तैयार किया गया है। इस पर करीब 1.5 करोड़ रुपये खर्च होने की जानकारी दी गई है। रथ में 8 से 10 लोगों के बैठने के लिए मीटिंग हॉल और पैंट्री बनाई गई है।

रथ में हाइड्रोलिक लिफ्ट भी लगाई गई है। इसकी मदद से अखिलेश बस की छत पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं और लोगों को संबोधित कर सकते हैं। रथ पर ‘समाजवादी पीडीए यात्रा’ लिखा है। साथ ही ‘सामाजिक न्याय का परचम लहराएगा, पीडीए ही परिवर्तन लाएगा’ जैसे नारे लिखे गए हैं। बस पर डॉ. भीमराव आंबेडकर समेत कई समाज सुधारकों की तस्वीरें लगाई गई हैं।
बारिश में भी डटे रहे कार्यकर्ता
अखिलेश यादव के स्वागत के लिए रायबरेली के GIC मैदान में सपा कार्यकर्ता सुबह से जुटे रहे। लगातार बारिश के बावजूद कार्यकर्ता मैदान में डटे रहे और स्वागत की तैयारियां करते नजर आए। रथयात्रा के दौरान भी बड़ी संख्या में समर्थक सड़क किनारे मौजूद रहे।
रायबरेली में अखिलेश के खिलाफ पोस्टर
अखिलेश की रथयात्रा से पहले रायबरेली में विरोधी पोस्टर भी लगाए गए। इनमें अखिलेश यादव के साथ आजम खान, अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी की तस्वीरें दिखाई गईं। पोस्टरों पर ‘अखिलेश यादव वापस जाओ’ और ‘अखिलेश के माफिया, माफिया के अखिलेश’ जैसे नारे लिखे गए।
