प्रसव के दौरान महिला की मौत

 प्रसव के दौरान महिला की मौत

चंदौली। साहिबगंज ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 29 वर्षीय संजू देवी की प्रसव के दौरान मौत हो गई। इसके बाद महिला के परिजनों ने चिकित्सा कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मृतका का शव लेवा इलिया मार्ग पर रखकर चक्का जाम कर दिया। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी स्थिति को सामान्य करने में जुटे हैं। साहिबगंज ब्लॉक के लटाव गांव निवासी संजू देवी को शुक्रवार सुबह प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान महिला की हालत गंभीर हो गई और उसकी मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मियों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

आक्रोशित लोगों ने किया चक्का जाम

मृतका के शव को लेवा इलिया मार्ग पर रखकर परिजनों ने सड़क जाम कर दिया। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने के बाद उप जिलाधिकारी दिव्या ओझा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर वाई के राय और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को समझाने की कोशिश की और उच्च अधिकारियों को बुलाने की मांग को लेकर स्थिति को नियंत्रण में लाने की कोशिश की

रेफर करने के बाद हुई मरीज की मौत

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डॉक्टर नीलेश ने बताया कि संजू देवी को प्रसव पीड़ा के बाद अस्पताल लाया गया था। उनकी स्थिति गंभीर थी, और उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया था। इसी दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद भारी संख्या में पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है और स्थिति को सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।

मुख्य विकास अधिकारी मान मनोव्वल के साथ उच्च अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बाद मामले की गहनता से जांच की जाएगी। परिजनों की मांगों पर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया है।