UP Board Exam: 16 फरवरी से होंगी बोर्ड परीक्षाएं, जनपद के एक लाख से ज्यादा छात्र-छात्राएं होंगे शामिल

UP Board Exam: 16 फरवरी से होंगी बोर्ड परीक्षाएं, जनपद के एक लाख से ज्यादा छात्र-छात्राएं होंगे शामिल

(रणभेरी): यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षा की डेटशीट जारी कर दी गई है। आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर टाइम टेबल चेक किया जा सकता है। बोर्ड एग्जाम दो शिफ्ट में आयोजित होंगे। राज्य में 16 फरवरी से बोर्ड की परीक्षाएं शुरू होंगी और 4 मार्च तक चलेंगी। सुबह 8 बजे से लेकर 11 बजकर 15 मिनट तक 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। वहीं, कुछ पेपर दूसरे पाली में होंगे, जिसका समय दोपहर 2 बजे से लेकर शाम 5 बजकर 15 मिनट तक होगा।

यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा में जिले के 1,05,680 छात्र-छात्राएं शामिल होंगी। इसके लिए 139 केंद्र बनाए जा रहे हैं। केंद्रों की सूची को जल्द ही अंतिम रूप दिया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक हाईस्कूल की परीक्षा में 53,425 और इंटरमीडिएट की परीक्षा 52,255  छात्र-छात्राएं शामिल होंगी। परीक्षा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से कराने की तैयारी है। इसी लिहाज से दागी विद्यालयों को परीक्षा केंद्र की सूची से बाहर कर दिया गया है।  परीक्षा शुरू होने में डेढ़ महीने का समय बचा है। ऐसे में तैयारी चुनौतीपूर्ण है। शीतलहर की वजह से विद्यालय बंद चल रहे हैं। निर्धारित समयसीमा तक पाठ्यक्रम पूरा कराना कठिन है। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की प्री बोर्ड की परीक्षाएं 16 जनवरी से होगी। 20 जनवरी तक चलने वाली इस परीक्षा में मुख्य परीक्षा की तैयारी व उसकी व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी जाती है। विषयवार परीक्षा के बाद जो भी कमियां रहती हैं, उसको दूर कराया जाता है। 29 जनवरी से 5 फरवरी के बीच प्रायोगिक परीक्षाएं कराई जानी हैं। इसकी तैयारियां भी चल रही हैं।