किसान नेता नरेश टिकैत से मिलने पहुंचे केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान

किसान नेता नरेश टिकैत से मिलने पहुंचे केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान

(रणभेरी): यूपी के मुजफ्फरनगर में केंद्रीय पशुपालन मंत्री डॉक्टर संजीव बालियान ने सिसौली पहुंचकर भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत का हाल जाना। लंबे किसान आंदोलन के बाद केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान पहली बार सिसौली पहुंचे हैं। इस दौरान भाकियू और भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत पिछले सप्ताह नहाने के दौरान बाथरूम में फिसलकर गिर गए थे। हादसे में उनके बाएं कंधे में गंभीर चोट लगी थी। नोएडा के अस्पताल में उनके कंधे का ऑपरेशन हुआ। रालोद अध्यक्ष जयंत सिंह भी उनसे मिलने पहुंचे। जिसके बाद से सिसौली स्थित आवास पर भी लोगों की आवाजाही रही।

संजीव बालियान और नरेश टिकैत एक ही खाप से आते हैं। नरेश टिकैत बालियान खाप के ही चौधरी हैं। इतना ही नहीं, दोनों मुजफ्फरनगर के ही हैं। साथ ही  नरेश टिकैत, राकेश टिकैत के बड़े भाई हैं। राकेश टिकैत नए कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर धरने पर बैठे थे। एक साल से ज्यादा बीत जाने के बाद जब केंद्र सरकार ने कृषि कानूनों को रद्द किया, तब जाकर राकेश टिकैत अपने गांव सिसोली वापस गए थे। राकेश टिकैत ने खुलकर बीजेपी के लिए प्रचार भी किया था। 

चौधरी नरेश टिकैत के बाएं कंधे में चोट लग गई थी। परिजन उन्हें लेकर मेरठ पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया था। नोएडा के अस्पताल में सफल ऑपरेशन हुआ था। हादसे की जानकारी मिलने के बाद रालोद अध्यक्ष भी अस्पताल पहुंचे थे। चौधरी टिकैत से बातचीत की और कुशलक्षेम जाना। भाकियू अध्यक्ष के पुत्र गौरव टिकैत ने बताया कि पूरी तरह ठीक हैं। ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद भाकियू अध्यक्ष के सिसौली स्थित आवास पर लोगों की आवाजाही लगी है। सोमवार को केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान भी नरेश टिकैत के आवास पर पहुंचे और उनका कुशलक्षेम पूछा।

वही लंबे समय तक चले किसान आंदोलन के दौरान भाजपा नेताओं से नाराज चल रहे किसानों व भाकियू नेताओं ने भाजपा नेताओं की सिसौली में एंट्री बैन कर दी थी। जिसके बाद से केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान आज पहली बार सिसौली पहुंचे।वहीं यूपी चुनाव में सपा रालोद गठबंधन के प्रत्याशी को समर्थन देने और जिताने की अपील के बाद नरेश टिकैत ने 24 घंटे के अंदर ही यूटर्न ले लिया है। अब केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान से मुलाकात करने के बाद वह किसी भी पार्टी को समर्थन ने देने की बात कह रहे हैं।