जिम्मेदारों को शर्म नहीं आनी, सड़क पर बहता सीवर का पानी

आरोप : वार्ड नंबर 3 की भाजपा पार्षद मंजू कनौजिया नहीं सुनती इस गांव के लोगों की फरियाद
नवरात्र आने से पहले लोगों में दिखा आक्रोश, बोले - शादी-विवाह में मेहमानों का आना मुश्किल
वाराणसी (रणभेरी सं.)। फुलवरियां स्थित कुम्हरपुरा में सड़क पर सीवर का पानी बह रहा है। लोगों को गंदे पानी से होकर आवागमन करना पड़ रहा है। नवरात्र से पहले गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय नागरिकों ने सीवर के पानी में खड़े होकर प्रदर्शन किया। इस दौरान अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी की। आरोप लगाया कि उनकी फरियादी सुनी नहीं जाती है। चेताया कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन करेंगे। लोगों का कहना है कि जब चुनाव आता है तब तो क्षेत्रीय पार्षद दिखाते हैं। नगर निगम के लोग भी आश्वासन देकर चले जाते हैं। लोगों का कहना है कि किसी के घर पर शादी विवाह के अवसर पर मेहमान भी नहीं आ पा रहे हैं। बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी होती है। बीमारियों का कहर है फिर भी कोई सुनने वाला नहीं।
अंबर वर्मा ने बताया कि हमारे यहां सीवर की समस्या काफी पुरानी है। लगभग 10 सालों से सीवर की समस्या से यहां की जनता जूझ रही है। पहले हम लोगों का ग्राम सभा में आता था लेकिन अब यह वार्ड नगर निगम में आ गया है। जब ग्राम प्रधानी थी तब भी समस्या बनी थी। कई बार ग्राम प्रधान आश्वासन देते रहे लेकिन आज तक समस्या खत्म नहीं की। जबकि अब यह ग्राम सभा नगर निगम में आ गया है फिर भी स्थिति जस की तस है। अंबर ने कहा कि यहां की वर्तमान पार्षद मंजू कनौजिया है। जब मंजू कनौजिया पार्षद प्रत्याशी थी तो उन्होंने आश्वासन दिया था कि जो सीवर की समस्या है इसको हम खत्म कर देंगे। सबसे पहली प्राथमिकता हमारी यही होगी। जब वह जीत गई तो लगभग 1 साल हो गया लेकिन कहने पर सिर्फ टालती जाती हैं। सीवर ओवर फ्लो होने से रास्ते से गुजरने वाले लोग सीवर के पानी में गिर जाते हैं। यही नहीं बच्चे पढ़ने जाते हैं तो वो भी इस गंदे पानी में गिर जाते हैं। इन समस्याओं पर ना नगर निगम पार्षद ध्यान दे रही है और ना ही नगर निगम के कोई जिम्मेदार अधिकारी।
हमलोग प्रार्थना पत्र देकर थक गए हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। लोगों ने तत्काल समस्या के समाधान की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में मुख्य रूप से अनीता वर्मा, कुसुम देवी, बेला देवी, शशि कला, शिवम, गीता देवी, माला देवी, माधुरी व अन्य क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।