तांबे-पीतल के बर्तन चमकाने आए थे, झांसा दे ले उड़े महिला के कीमती जेवर

 तांबे-पीतल के बर्तन चमकाने आए थे, झांसा दे ले उड़े महिला के कीमती जेवर

गोरखपुर । सिकरीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले मलांव गांव में तांबे-पीतल के बर्तनों को चमकाकर साफ करने के बहाने उचक्के महिला के सोने के गहने को लेकर भाग गए। घटना की फुटेज सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित महिला की तहरीर पर सिकरीगंज पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। सिकरीगंज थाने से महज एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित मलांव गांव में दोपहर 12:15 बजे तांबा-पीतल के बर्तनों को चमकाने पहुंचे दो युवक गांव की महिला माया ओझा के घर पहुंचे। पहले युवकों ने महिला के पीतल के पुराने लोटे को अपने साथ लेकर आए पाउडर से चमकदार बना दिया। महिला को झांसे में लेकर युवकों ने उसके हाथ में पहने चार सोने के कंगन और गले में पहनी हुई सोने की चेन चमकाने के लिए मांगी। महिला ने जैसे ही गहने उतार कर दिए, दोनों युवक उसे लेकर भाग गए। महिला चीखती-चिल्लाती रह गई। घर में ठगी का शिकार हुई महिला ने थाने में पहुंच कर घटना की जानकारी दी। पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से आरोपियों की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।