बाहरवाली संग घूम रहा था पति, घरवाली ने रंगेहाथ पकड़ा..... दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

(रणभेरी): झांसी जिले में गर्लफ्रेंड के सामने पति ने अपनी पत्नी को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। पत्नी ने दोनों को रंगेहाथ घूमते हुए पकड़ लिया था। विरोध करने पर पति बोला- तू कौन? ये मेरी बीवी है। इसके बाद विवाद बढ़ गया। पति ने उसके बाल पकड़कर घसीटा और फिर लगातार 16 थप्पड़ जड़े। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। पीड़िता ने पुलिस से इसकी शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। पत्नी ने पुलिस को बताया कि उसके पति का पिछले 2 महीने से दूसरी महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है और वह उसके ही साथ ही घूमता है।
यह घटना शुक्रवार रात साढ़े 8 बजे की है, जिसका आज वीडियो सामने आया है। पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पूरा मामला नवाबाद थाना क्षेत्र के मेडिकल कॉलेज के पास का है। शिवाजी नगर निवासी मोहनी यादव ने 2022 में शिवम से लव मैरिज की थी। दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मोहनी ने बताया- मैंने दवा ली थी, जिसकी एक्सपायरी डेट निकल गई थी। मां ने कहा कि दवा बदल लो। शुक्रवार रात को मैं दवा बदलने मेडिकल कॉलेज गई थी। वहीं पर पति शिवम मिल गया। उसके साथ एक युवती थी, जिसे वह दो महीने से लेकर घूम रहा था। मैंने पूछा- यह कौन है? तब शिवम बोला- तू कौन? ये मेरी बीवी है। फिर वह गाली देने लगा।
पत्नी मोहनी ने बताया- जब मैंने पुलिस बुलाने की बात कही तो दोनों कहने लगे कि धमकी दे रही है। 'पुलिस बुलाओ...कहते हुए दोनों ने मिलकर मुझे पीटा। शिवम ने डंडा मारकर सिर फोड़ दिया। उसकी गर्लफ्रेंड ने भी मारा। 1 मिनट 14 सेकंड के वीडियो में दिख रहा है कि शिवम अपनी पत्नी मोहनी के बाल पकड़े हुए है। जब मोहनी उसकी गर्लफ्रेंड के बाल पकड़ लेती है, तो वह थप्पड़ मारता है। फिर गर्लफ्रेंड भी मारती है।इसके बाद शिवम बाल पकड़कर खींचता है और 16 थप्पड़ मारता है। फिर धक्का देकर गिरा देता है। इसके बाद वह गर्लफ्रेंड को बाइक पर बैठाकर ले जाता है। उसके साथ एक अन्य युवक भी होता है।
नवाबाद थाना प्रभारी संतोष कुमार अवस्थी ने बताया- महिला ने पति शिवम के खिलाफ शिकायत दी है। मामले की जांच विश्वविद्यालय चौकी इंचार्ज को सौंपी गई है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।