सपा ने शुरू किया सदस्यता अभियान, अखिलेश बोले लोकतंत्र बचाने के लिए एकजुट होना जरूरी

सपा ने शुरू किया सदस्यता अभियान, अखिलेश बोले लोकतंत्र बचाने के लिए एकजुट होना जरूरी

(रणभेरी): समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने मंगलवार को राजधानी लखनऊ में पार्टी के सदस्यता अभियान का आगाज़ किया। इस मौके पर अखिलेश यादव ने कहा कि यह सदस्यता अभियान यूपी के तमाम जनपदों, मंडलों और तहसील स्तर पर चलेगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा, ‘हम आने वाले दिनों में जानकारी देंगे कि कितने सदस्य बने हैं।  हम लोकतंत्र बचाने के लिए जनता से सहयोग लेंगे और जनता के बीच जाएंगे। उन्होंने कहा कि सदस्यता के जरिए हर वर्ग के बीच पहुचेंगे। लोकतंत्र बचाने के लिए सपा आगे आ रही है। हम लोगों से सहयोग मांगेंगे। भाजपा से परेशान लोग हमारे साथ हैं। हम शहरों के साथ ही गांव तक पहुंचेंगे। सदस्यता अभियान के बाद कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।

सपा ने इस दौरान योगी सरकार के 100 दिन के रिपोर्ट कार्ड पर निशाना साधा
अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें 5 साल 100 दिन की उपलब्धि बतानी चाहिए. उन्होंने कहा कि यह सरकार आज भी समाजवादी पार्टी के कामों का फीता काट रही है, जो भी उद्घाटन हो रहा वह भी आधा अधूरा ही है। उन्होंने यूपी के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पर इशारों-इशारों में तंज कसते हुए कहा ‘अधिकारी इनके डिप्टी सीएम की बात नहीं मानते हैं, बिना पूछे ट्रांसफर हो गया।  यही डिप्टी सीएम सबसे ज्यादा छापेमारी करते है.’ इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि योगी सरकार को कोई पीछे से चला रहा है।