IIT BHU में रैपर रफ्तार को छोड़ना पड़ा मंच, पुलिस ने नाइट शो बंद कराया

IIT BHU में रैपर रफ्तार को छोड़ना पड़ा मंच, पुलिस ने नाइट शो बंद कराया

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी में इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्‍नोलॉजी (IIT) के बीएचयू कैंपस में रविवार रात पंजाबी सिंगर रफ्तार के कार्यक्रम के दौरान ऑडियंस बेकाबू हो गए। IIT BHU के कल्‍चरल फेस्‍ट के आखिरी दिन रैपर रफ्तार का लाइव कंसर्ट था। भीड़ ने दो बैरिकेडिंग तोड़ दी। लड़कियों के लिए रिजर्व जगह में जबरदस्ती घुस गए। इससे वहां भगदड़ जैसे हालत हो गए। लड़कियां रोने लगीं। इधर-उधर भागने लगीं। 5-6 लोग जख्मी हो गए। हालात इतने बिगड़ गए कि रफ्तार को मंच छोड़कर जाना पड़ा। ऑडियंस को बेलगाम होता देख पुलिस मंच पर पहुंच गई। IIT-BHU का नाइट शो बंद करा दिया। ACP ने सिंगर का माइक ले लिया। मंच से ऑडियंस से कहा- चलिए बाहर निकलिए। IIT-BHU ग्राउंड में हो रहे इस इवेंट का नाम 'काशी यात्रा कल्चरल इवेंट' था। तीन दिनों के इस कार्यक्रम का रविवार को आखिरी दिन था। इसे आईआईटी के छात्र ही आयोजित करवा रहे थे। कार्यक्रम में बाहरी लोगों के लिए 700 से लेकर 900 रुपए का टिकट रखा गया था। रविवार को सिंगर रफ्तार का शो। ग्राउंड पूरी तरह से हाउसफुल था। बड़ी संख्या में लड़के सड़कों पर खड़े थे। मंच पर पहुंचकर जैसे ही रफ्तार ने एक गाना गया। उन्होंने दूसरा गाना काली-काली एंका पे, काले-काले शूज गाना शुरू किया तो ऑडियंस बेकाबू हो गई। एकाएक पब्लिक एक-दूसरे पर टूट पड़ी। छात्र समेत बाहरी युवा बैरिकेडिंग तोड़कर अंदर घुसने लगे। अफरा-तफरी मच गई। लड़कियां भागने लगीं। हालत देखकर एक बारगी सिंगर रफ्तार असहज हो गए। उन्होंने फैंस से शांत रहने की अपील की। लेकिन, भीड़ पर उसका कोई असर नहीं पड़ा। रफ्तार सिर्फ दो गाने गा पाए। बमुश्किल 10-15 मिनट मंच पर रहे। इसके बाद टीम के साथ वापस होटल लौट गए। जबकि उनका करीब 2.30 घंटे का कार्यक्रम था। टीम भी अव्यवस्थाओं को देखकर निराश हो गई।

भीड़ के बेकाबू होने पर पहले तो पुलिस फोर्स ने मंच को अपने हाथ में लिया। गाना-बजाना और डीजे-मिक्सर बंद करवा दिया। मंच पर आए भेलूपुर ACP प्रवीण सिंह ने सिंगर का माइक लेकर कार्यक्रम स्थल खाली करने का अनाउंसमेंट कर दिया। एसीपी ने कहा- कार्यक्रम कैंसिल कर दिया है। सब बाहर निकलिए यहां से। जो महिलाएं और बच्चे फंसे हैं, रो रहे हैं, उन्हें बाहर निकालिए, कार्यक्रम खत्म। यह देख ऑडियंस ने हर-हर महादेव के जयघोष लगाने शुरू कर दिए। उस वक्त भी लड़के बेकाबू दिख रहे थे। इसके बाद सिंगर रफ्तार और उनकी टीम वापस अपने होटल चली गई। काशी यात्रा के आयोजकों ने शो के खत्म होने की घोषणा कर दी।ग्राउंड पर करीब 40 से 50 हजार लोगों की भीड़ रही होगी। एसीपी ने कहा कि केवल 500 बेलगाम लोगों की वजह से यह स्थिति देखनी पड़ रही है। ACP के अनाउंसमेंट के बाद पब्लिक से चिल्लाने की आवाज आने लगी तो उन्होंने कहा- ये आप लोगों का नेचर है। इतनी अच्छी बैरिकेडिंग की है, लेकिन दो-दो बैरिकेडिंग तोड़ दी गई। महिलाओं-बच्चों के बीच में घुस आए। 4-5 लोगों को चोट आईं हैं। कोई आवश्यकता नहीं है कार्यक्रम करने की।