वाराणसी में दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, चलती बाइक से नकाबपोश शूटरों ने कनपटी, गर्दन पर मारी गोली

वाराणसी में दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, चलती बाइक से नकाबपोश शूटरों ने कनपटी, गर्दन पर मारी गोली

वाराणसी (रणभेरी): सारनाथ थाना क्षेत्र के सिंहपुर गांव में गुरुवार सुबह दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर महेंद्र गौतम (54 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सुबह करीब 9 बजे महेंद्र बाइक से अरिहंत नगर कॉलोनी की ओर जा रहे थे और मोबाइल पर बात कर रहे थे। तभी पीछे से आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर तीन राउंड फायरिंग की। एक गोली गर्दन में और दूसरी कनपटी में लगी, जबकि तीसरी गोली बाइक में जाकर लगी।

हमले के बाद आरोपी तमंचा लहराते हुए रिंग रोड की ओर फरार हो गए। शोर मचाने पर भी कोई उन्हें पकड़ नहीं सका। बदमाशों के जाने के बाद आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। देखा तो प्रॉपर्टी डीलर की मौत हो चुकी थी। वारदात की सूचना मिलते ही डीसीपी प्रमोद कुमार समेत कई पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे।

फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है। बदमाशों की तलाश में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा। घटना सारनाथ थाना क्षेत्र की है। 54 साल के महेंद्र गौतम बुद्धा सिटी के रहने वाले थे। उनके पिता श्यामनाथ आरटीओ थे। आज सुबह महेंद्र बुद्धा सिटी से अरिहंत नगर कॉलोनी बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान नकाबपोश बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- सुबह 9 बजे महेंद्र बाइक से मोबाइल पर बात करते हुए जा रहे थे। स्पीड ब्रेकर के चलते बाइक की गति धीमी की। इसी बीच, बाइक सवार तीन बदमाश आए। सभी के चेहरे ढके थे। गोली मारने के बाद आगे की तरफ बढ़े। आसपास मौजूद लोगों ने ललकारा तो पिस्टल लहराते हुए फरार हो गए।