अगले साल तक 50 हजार घरों में पीएनजी

अगले साल तक 50 हजार घरों में पीएनजी
  • 15 फीसदी सस्ती, सुरक्षित और इस्तेमाल करने में हैं आसान, सस्ते में जल रहे चूल्हे
  • सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम से अभी तक लगभग 16,000 घर लाभान्वित

वाराणसी (रणभेरी): काशी में एक और गंगा प्रवाहित हो रही हैं, जिसका नाम है प्रधानमंत्री ऊर्जा गंगा परियोजना। इसके तहत आप के घरों तक पाइप लाइन से पीएनजी पहुंच रही है। वाराणसी शहरी गैस वितरण परियोजना बहुत तेजी से काम रही है। गेल इंडिया लिमिटेड को 2022 -23 तक पचास हज़ार घरों में सस्ते चूल्हे जलाकर देना है। सस्ता, सुरक्षित और इस्तेमाल करने में आसान पीएनजी की मांग बढ़ती जा रही है।

वाराणसी में प्रधानमंत्री ऊर्जा गंगा परियोजना का तेजी से विस्तार हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्वाचन क्षेत्र में योगी सरकार पीएनजी गैस से लगभग 16000 घरों में सस्ते में चूल्हे जला रही है। गेल इंडिया के महाप्रबंधक सुशील कुमार ने बताया कि 57,900 घरों तक इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलप किया जा चुका है और 35000 घरों में मीटर लग चुका है। इसके लिए गेल इंडिया लिमिटेड ने 83.91 किलोमीटर से अधिक पीएनजी की स्टील लाइन व एम.डी.पी.ई लाइन (621.39 किलोमीटर) लगा दी गई है। इसके अंतर्गत कुल 705.30  किलोमीटर पाइप लाइन बिछाई गई है। मौजूदा दरों के अनुसार, एलपीजी की तुलना में पाइप्ड नेचुरल गैस लगभग 10-15% सस्ती है। गेल इंडिया लिमिटेड से प्राप्त जानकारी के मुताबिक़ एक सामान्य परिवार एक महीने में औसतन लगभग पांच सौ रूपया का गैस जलाता है और ये बिल दो महीने में एक बार आता।

  • इन क्षेत्रों तक पहुंच गई पीएनजी

बीएचयू क्षेत्र : करौंदी, सुसुवाही, नरिया, छित्तूपुर, सीर गेट।

बरेका क्षेत्र : सुंदरपुर, ककरमत्ता, चितईपुर, भिखारीपुर, अखरी।

नदेसर क्षेत्र : पीडब्ल्यूडी कॉलोनी, जदीद बाजार।

शिवपुर क्षेत्र : महारानी एन्क्लेव, राज राजेश्वरी कॉलोनी, गौतम ग्रीन अपार्टमेंट, काशी राम आवास योजना।

  • इन क्षेत्रों में 2023 तक

नदेसर : अर्दली बाजार, अन्य आवासीय कॉलोनियां।

पांडेयपुर/ सारनाथ : अशोक विहार, पहाड़िया, वीडीए कॉलोनी आदि।

सिगरा : महमूरगंज, रथयात्रा, बैंक कॉलोनी, भेलूपुर आदि।

उपरोक्त के अलावा कुछ क्षेत्र भी बचे हैं जिन्हें योजना के अनुसार जल्द कवर किया जाएगा।

ज्ञान यज्ञ से टैक्स समस्याओं का निकलेगा समाधान