तेंदुए ने युवक पर किया हमला, कई जगह दांत और पंजों से नोंचा

तेंदुए ने युवक पर किया हमला, कई जगह दांत और पंजों से नोंचा

चंदौली । जिले के बरहनी विकासखंड के अरंगी गांव में पिछले 48 घंटे से तेंदुए को लेकर लोग दहशत में हैं। लोगों ने झाड़ियों में आग लगा दी। जिसके बाद तेंदुए ने एक युवक पर हमला कर दिया। चंदौली जिले के कंदवा क्षेत्र के अरंगी गांव में सुबह तेंदुआ ने एक युवक पर हमला कर उसे घायल कर दिया। आसपास मौजूद ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ नदी किनारे झाड़ियों में भाग गया। घायल युवक को ग्रामीणों ने जिला अस्पताल भेजा तथा वन विभाग और पुलिस को सूचना दी। अरंगी गांव में पिछले चार दिनों से तेंदुआ देखे जाने से ग्रामीण दहशत में रह रहे थे। वन विभाग के कर्मी और ग्रामीणों ने नदी किनारे झाड़ियों में आग लगा दी। आग लगाकर वे लौट रहे थे कि तेंदुआ ने तेज गुर्राहट के साथ अचानक रजत सिंह (29) पर पीछे से हमला कर दिया। उसने रजत के गले और बांह में गंभीर जख्म कर दिया। साथ चल रहे एक युवक ने उस पर लाठी से वार किया तो वह नीचे नदी के किनारे झाड़ियों में घुस गया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अजीत सिंह घायल युवक को बबलू पांडेय के साथ इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। अजीत सिंह ने तेंदुआ के हमले की सूचना वन विभाग के रेंजर मुन्ना लाल को दी। इसके बाद वन विभाग की टीम ने घटना स्थल पर पहुंच कर जांच पड़ताल शुरू कर दी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक सलिल स्वरूप आदर्श भी मौके पर पहुंच गए। इस घटना से ग्रामीणों में काफी दहशत है।

क्या बोले रेंजर
ग्रामीणों ने तेंदुआ के हमले की सूचना दी है। मौके पर टीम भेजी गई है। उसे पकड़ने का उपाय किया जा रहा है। जब तक तेंदुआ पकड़ा नहीं जाता सावधानी बरतने की जरूरत है।