वाराणसी में ट्रैक्टर की चपेट में आने से मिस्त्री की मौत, दूसरा घायल, जांच में जुटी पुलिस

वाराणसी में ट्रैक्टर की चपेट में आने से मिस्त्री की मौत, दूसरा घायल, जांच में जुटी पुलिस

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र फत्तेपुर गांव में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई,जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रात करीब 8:15 बजे हुआ, जब दोनों मजदूर शहर से काम खत्म कर मोपेड से अपने घर लौट रहे थे। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

मृतक की पहचान बड़ागांव निवासी राजगीर मिस्त्री रामदेव गौतम के रूप में हुई है। वहीं मोपेड सवार उसका साथी काशीनाथ निवासी शेरवानी पुर गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया।

दोनों मजदूर रोज की तरह शहर से मजदूरी कर घर लौट रहे थे। फत्तेपुर पहुंचते ही सड़क किनारे खड़े एक ट्रैक्टर से उनकी मोपेड पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बसनी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रामदेव गौतम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, काशीनाथ की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटना की छानबीन में जुटी रही।