मिर्जापुर में डिप्टी सीएम ने मां विंध्यवासिनी में किया दर्शन पूजन, विंध्य कारिडोर पर की चर्चा

मिर्जापुर में डिप्टी सीएम ने मां विंध्यवासिनी में किया दर्शन पूजन, विंध्य कारिडोर पर की चर्चा

(रणभेरी): उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को मिर्जापुर पहुंचे। उपमुख्यमंत्री ने मां विंध्यवासिनी में दर्शन पूजन किया। इस दौरान उन्‍होंने बताया कि प्रदेश की भाजपा सरकार धार्मिक पर्यटन केंद्रों का विकास कर रही है। काशी, अयोध्या के बाद मां विन्ध्यवासिनी धाम कॉरीडोर का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण कार्य प्रगति पर है। 

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या शुक्रवार को मीरजापुर जिले के दौरे पर है। इस दौरान वे विभिन्न कार्यक्रम में शामिल होंगे। शुक्रवार की पूर्वाह् 11 बजे वे हेलीकाप्‍टर से अष्टभुजा पहुंचे और सबसे पहले मां विंध्यवासिनी का दर्शन पूजन किया। इस दौरान उन्होंने बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा सरकार की एक प्राथमिकता धार्मिक स्थलों का विकास करना भी है। इससे एक तो धार्मिक स्थल का विकास होगा दूसरे यहां पर पर्यटन के क्षेत्र में भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि कॉरीडोर का प्रत्यक्ष रूप भी दिखाई दे रहा है। जब धाम बनकर तैयार हो जाएगा तो जिस तरह से काशी में अयोध्या में भीड़ उमड़ रही है, उसी तरह मां विन्ध्यवासिनी धाम में और भीड़ उमड़ेगी। इससे पूर्व उप मुख्यमंत्री ने विधि विधान से विंध्यवासिनी मां का दर्शन पूजन किया। 

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एसजे इंटर कॉलेज स्थित अभ्युदय कोचिंग का निरीक्षण किया और बच्चों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश शासन की मंशा के अनुसार हर जिले में एक अभ्युदय कोचिंग खोली गई है ताकि बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए किसी बड़े जिले का मुंह ना देखना पड़े। जहां पर उनको जाने में परेशानी होती थी अथवा आर्थिक परेशानी के चलते वे नहीं जा पाते थे।

शासन ने विद्यार्थियों की समस्या को समझते हुए अभ्युदय कोचिंग की व्यवस्था की है। अब युवा कठिन परिश्रम करके अपने लक्ष्य को हासिल करें। सरकार उनकी हर संभव सहायता करने के लिए तत्पर है। अभ्युदय कोचिंग में लाइब्रेरी, हॉस्टल व अन्य सभी सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि मंडलायुक्त इस संबंध में बच्चों से जानकारी लेकर शासन को प्रेषित करें।  मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्र ने उप मुख्यमंत्री को कोचिंग की सफलता के बारे में जानकारी दी।इस अवसर पर नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, विधायक डॉ विनोद बिंद, जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा थे। इसके पूर्व इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राजेंद्र तिवारी ने उप मुख्यमंत्री का बुके देकर स्वागत किया।