मातम में बदली खुशियां: शादी के 12 घंटे बाद ही दुल्हन हो गई विधवा, सड़क हादसे में दूल्हे की मौत, जानिए कैसे हुआ हादसा

मातम में बदली खुशियां: शादी के 12 घंटे बाद ही दुल्हन हो गई विधवा, सड़क हादसे में दूल्हे की मौत, जानिए कैसे हुआ हादसा

बरेली (रणभेरी): बरेली से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, शादी के 12 घंटे बाद सड़क हादसे में दूल्हे की मौत हो गई। वह दोस्तों और रिश्तेदार के साथ मिठाई लेने जा रहा था। ढाबे के पास खड़े ट्रक से उनकी कार टकरा गई। कार में बैठे 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे की सूचना मिलते ही शादी वाले घर में मातम छा गया। दुल्हन बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ी। दूल्हे की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसा इज्जतनगर थाना क्षेत्र में हुआ।

रिठौरा के मोहल्ला ठाकुरद्वारा में रहने वाले रामसहाय ने कुछ समय पहले ही यहां नया घर बनवाया था। इससे पहले वे मथुरापुर, फरीदपुर में रहते थे। रामसहाय अपनी पत्नी और बच्चों के साथ होशियारपुर पंजाब में काम करते हैं। उनका एक बेटा सतीश दिल्ली में कपड़े की दुकान पर काम करता था। उसकी शादी के लिए पूरा परिवार रिठौरा आया था।

सतीश की शादी सकरामपुर मीरगंज की स्वाती से तय हुई थी। शुक्रवार रात करीब 11 बजे बरात वापस लौटी थी। सतीश के कुछ रिश्तेदारों और मेहमानों को रात में ही लौटना था। उनके लिए मिठाई लेने दूल्हा सतीश अपने फुफेरे भाई विजनेश (25), बहन के देवर रोहित के साथ बोलेरो कार से शहर जा रहे थे।
इज्जतनगर थाना क्षेत्र में ढाबे के सामने खड़े ट्रक में कार घुस गई। इसमें विजनेश की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाकी लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को कार से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। जहां दूल्हे की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में घायल हुए रोहित ने घटना की जानकारी परिजनों को फोन कर दी।घटना की जानकारी मिलते ही दुल्हन स्वाती बेहोश होकर गिर गई। जबकि सतीश की मां बार-बार बेसुध हो रही थी। मोहल्ले की औरतें उन्हें ढाढंस बंधा रही थीं। पिता रामसहाय बोले- मुझे क्या पता था ऐसा हो जाएगा। काश मेरा बेटा मिठाई न लेने गया होता।

दूल्हे के रिश्तेदार कलीराम ने बताया कि दूल्हा दो भाई थे। यह सबसे बड़ा लड़का था। वह मिठाई लेने गया था। रास्ते में हादसे का शिकार हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।