नए साल पर एक और दर्दनाक हादसा, हरियाणा के डाडम खनन क्षेत्र में पहाड़ खिसकने से 20-25 लोग दबे और तीन के शव निकाले गए

नए साल पर एक और दर्दनाक हादसा, हरियाणा के डाडम खनन क्षेत्र में पहाड़ खिसकने से 20-25 लोग दबे और तीन के शव निकाले गए

(रणभेरी): हरियाणा के भिवानी जिले के तोशाम एरिया में खनन क्षेत्र डाडम में पहाड़ खिसकने से बड़ा हादसा हो गया है। नए साल के पहले दिन शनिवार सुबह 8:30 बजे खनन के दौरान पहाड़ दरक गया, जिसमें 20 से 25 लोगों के दब गए। फिलहाल तीन मजदूरों के शव निकाले गए हैं। पहाड़ दरकने से गिरे सैकड़ों टन वजनी पत्थरों के नीचे कई पोकलेन मशीनें, ट्रक और अन्य वाहन भी दब गए।वहीं पहाड़ का जो हिस्सा गिरा है वह इतना बड़ा है कि उसे हटाने में दिक्कत आ रही है। पुलिस और प्रशासन ने मीडिया के घटनास्थल पर जाने पर पाबंदी लगा दी है।

घटना की सूचना के बाद प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए हैं। पहाड़ दरकने के बाद गिरे पत्थरों हटाकर लोगों की तलाश शुरू कर दी है। बड़े-बड़े पत्थर गिरने के कारण उन्हें हटाने में दिक्कत आ रही है। पत्थरों को ड्रिल मशीन से काटकर हटाने का प्रयास प्रशासन कर रहा है। दबे व्यक्तियों की संख्या को लेकर अभी कुछ स्पष्ट आंकड़ा सामने नहीं आ पाया है। घटनास्थल से दूर ही आम लोगों को रोका गया है।

इस हादसे के बाद मौके पर पहुंचे कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि कुछ लोगों की मौत हुई है लेकिन मैं अभी सटीक आंकड़े नहीं दे सकता। डॉक्टरों की टीम पहुंच गई है। हम ज्यादा से ज्यादा लोगों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। 

खनन में प्रयोग होने वाली पोपलैंड और अन्य कई मशीनें भी मलबे में दब गई है। अभी तक पहाड़ के खिसकने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पहाड़ अपने आप खिसका है या फिर ब्लास्ट के कारण यह हादसा हुआ, इस बारे में अभी कुछ भी नहीं कहा जा सकता। घायलों को मलबे से निकालकर अस्पताल भेजा जा रहा है। 

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ट्वीट कर हादसे पर दुख जताया और कहा कि भिवानी में डाडम खनन क्षेत्र में हुए हादसे से वे दुखी हैं। वे त्वरित बचाव अभियान और घायलों को तत्काल सहायता सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं।तोशाम क्षेत्र के खानक और डाडम में बड़े स्तर पर पहाड़ खनन कार्य होता है। प्रदूषण के चलते 2 महीने पहले खनन कार्य पर रोक लगा दी गई थी। एनजीटी ने गुरुवार को ही खनन कार्य दोबारा शुरू करने की अनुमति दी थी। एनजीटी से अनुमति मिलने के बाद शुक्रवार से खनन कार्य शुरू किया गया था।