वाराणसी में शुरू हुई बूंदाबांदी, ठंडी हवाओं ने बढ़ाई गलन

वाराणसी (रणभेरी): यूपी में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। दरअसल, वाराणसी के ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह से है छाए काले बादल दोपहर 12 बजे के बाद बरस पड़े। इस समय हल्की बारिश शुरू हो गयी है। ऐसे मे बारिश होने से शीतलहर बढ़ गई है। साथ ही ठंडी हवाएं भी चल रही थीं। इस कारण सूर्य के भी दर्शन नहीं हुए। इसको लेकर सुबह से ही लोग आग तापते देखे गए। शहरी क्षेत्रों में भी कई स्थानों पर अलाव जल रहे थे।
इसको देखते हुए रैन बसेरे दुरुस्त किए जा रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 12 घंटे तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। शनिवार को वाराणसी में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया था। इस दौरान वाराणसी में हर घंटे 5 मिलीमीटर वर्ष होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार वाराणसी और आस-पास के क्षेत्र में कहीं-कहीं बादलों की गर्जना के साथ ही साथ छीटें पड़ने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा कई स्थानों पर धुंध और छिछला कोहरा भी रहेगा।
वाराणसी में सुबह तापमान 21 डिग्री आंका गया था। वहीं दोपहर 1 बजे वाराणसी का तापमान 19 डिग्री है। हवा 5 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार चल रही है। मौसम में नमी 83 प्रतिशत आंकी गयी है। वाराणसी में बारिश और ठंड के बावजूद सैलानियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। नया साल मनाने के लिए सैलानी बनारस पहुंच रहे हैं। घाटों पर ठण्ड के बावजूद सैलानियों का जमवाड़ा है। सैलानी नौका विहार का आनंद ले रहे हैं।