लखनऊ में दिनदहाड़े गला रेतकर दिव्यांग ई-ऑटो चालक की हत्या, लोगों ने आरोपी को दौड़ाकर पकड़ा

(रणभेरी): लखनऊ में सोमवार की सुबह दिनदहाड़े ऑटो चालक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। आरोपी ने हत्या के बाद शव को सड़क किनारे फेंककर भागने लगा। आरोपी को भागता देख मौके पर ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ लिया।
यह घटना गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के उमेद खेड़ा की है। यहां सुबह करीब 10.30 बजे गदियाना निवासी दिव्यांग ई-ऑटो चालक पवन कुमार (27) की गला रेतकर हत्या कर दी गई है। हत्यारोपी गांव का ही मोहित रावत है। हत्या के बाद शव को बारिश के बाद सड़क किनारे भरे पानी में फेंककर वह भागने लगा।
लोगों आता देख मोहित भागने लगा लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। आगे की कार्रवाई की जा रही है। मृतक की पहचान गादियाना निवासी पवन के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- पवन की हत्या उसके ऑटो में ही की गई। वह ऑटो लेकर घर से निकला था। उसे रास्ते में मोहित मिल गया। मोहित सड़क पर काफी देर से टहल रहा था। उसने ऑटो देखा तो उसके सामने आकर जबरदस्ती रुकवा लिया और पवन पर हमला कर दिया। जब तक लोग पहुंच पाते तब तक में मोहित गला रेतकर भागने लगा। मृतक पवन दोनों पैर से दिव्यांग था। उसके पिता की कुछ साल पहले मौत हो चुकी है। उसकी माता शिवरानी ने बताया- बेटे ने डेढ़ महीने पहले ऑटो खरीदा था। वह दिव्यांग होने के बावजूद घर का पूरा खर्च उठाता था। वह घर के खर्च के लिए बहुत मेहनत कर रहा।
इंस्पेक्टर गोसाईगंज बृजेश कुमार त्रिपाठी का कहना है कि आरोपी की उम्र करीब 21-22 साल की है। पूछताछ की जा रही हैं। वहीं, मृतक के भाइयों का कहना है कि पैसे के लेनदेन को लेकर हत्या हुई है। सभी पहलुओं पर जांच पड़ताल की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, 2 साल पहले आरोपी मोहित ने पवन से बहन की शादी में 50 हजार रुपए उधार लिए थे। पवन उससे आए दिन उधार के पैसे मांगता रहता था। मोहित हमेशा टाल-मटोल कर देता था। नया ऑटो खरीदने पर पवन को पैसों की जरूरत पड़ी। इससे वह मोहित पर पैसे वापस करने का दबाव बनाने लगा।
मोहित ने कहा था- आज पैसे दे देगा, लेकिन उसने पवन की हत्या कर दी। डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने बताया- मृतक और आरोपी पहले से परिचित थे। आरोपी मोहित को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक पवन के शव का पोस्टमॉर्टम करा दिया गया है।