चंदौली: ऑक्सीजन सिलेंडर में ब्लास्ट होने से दो लोगों के उड़े चिथड़े, मचा हड़कंप

चंदौली: ऑक्सीजन सिलेंडर में ब्लास्ट होने से दो लोगों के उड़े चिथड़े, मचा हड़कंप

(रणभेरी): यूपी के चंदौली के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के रविनगर स्थित दयाल हॉस्पिटल के पास शुक्रवार की सुबह गाड़ी से उतारते समय ऑक्सीजन सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों व्यक्ति के शरीर के चिथड़े उड़ गए। इस दौरान मौके पर हड़कंप मच गया। मृतक 35 वर्षीय चंद्रभान मुगलसराय के कुढकला का जबकि 28 वर्षीय राजन मुगलसराय के न्यू महाल का रहने वाला था। इस घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसर गया। सूचना पर पुलिस बल के साथ पहुंचे एसपी अंकुर अंग्रवाल ने घटनास्थल का मुआयना किया। वहीं फॉरेंसिंक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए।

शुक्रवार की सुबह 10.12 बजे दयाल हॉस्पिटल के सामने मैजिक पर लदे ऑक्सीजन सिलेंडर को दो लोग उतार रहे थे। वहीं पास से ईंट लदा ट्रैक्टर भी गुजर रहा था। इतने में एक सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। दो लोगों के चिथड़े उड़ गए। मौके पर दोनों की मौत हो गई। 100 मीटर तक दोनों के मांस के चिथड़े बिखरे हुए थे। यह विभत्स दृश्य देखकर हर किसी के रोंगटे खड़े हो गए। सूचना पर तुरंत मौके पर सीओ अनिरूद्ध सिंह पहुंच गए और आगे की कार्रवाई में जुट गए हैं। मृतकों की पहचान राजन और चंद्रभान के तौर पर हुई है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें एक ट्रैक्टर दूसरी ओर से आता हुआ दिख रहा है। ट्रैक्टर जैसे ही गाड़ी के आगे निकलता है। वैसे ही तेज धमाका हो जाता है।चंदौली एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि मेडिकल ऑक्सीजन सिलेंडर उतारते समय फटा है। इसमें दो की मौत हो गई। पूरी घटना की बारीकी से जांच कराई जाएगी। ताकि पता लगाया जा सके कि किन कारणों से सिलेंडर में ब्लास्ट हुआ। उन्होंने कहा कि ये सिलेंडर काफी मजबूत होते हैं। बाकी सिलेंडर भी चेक किए जा रहे हैं। इसके अलावा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी पुलिस खंगालेगी। अभी इस घटना के बारे में कोई भी कुछ नहीं बोल रहा है। हमारी जांच जारी है।