मिल्कीपुर में उपचुनाव में भाजपा की बड़ी जीत

अयोध्या (रणभेरी): यूपी के आयोध्या की मिल्कीपुर सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा ने बड़ी जीत दर्ज की है। 30वें अंतिम राउंड की मतगणना में भाजपा प्रत्याशी चंद्रभानु पासवान ने 61329 वोटों से बढ़त बना ली। भाजपा को 1,45,685 मत मिले। सपा को 84,266 मत प्राप्त हुए। दो ईवीएम की गिनती बाकी है।
भाजपा कार्यालय में जश्न का माहौल है। हलवाई लड्डू बना रहे हैं। ढोल-नगाड़े पर भाजपा कार्यकर्ता डांस कर रहे हैं। अबीर-गुलाल उड़ा रहे हैं। वहीं, सपा प्रत्याशी अजीत प्रसाद और उनके सांसद पिता अवधेश प्रसाद सुबह से घर से ही नहीं निकले हैं। पूर्व भाजपा प्रवक्ता अवधेश पांडेय ने कहा- अयोध्या में सपा ने राम का अपमान किया। जनता ने उसका बदला लिया। इस पर सांसद अवधेश प्रसाद ने पलटवार किया। कहा- भाजपा ने बेईमानी का रिकॉर्ड तोड़ दिया। उनके गुंडों ने बूथ कैप्चरिंग की। इसके बाद भी भाजपा हारेगी। मिल्कीपुर में अगर भाजपा जीतती है तो 8 साल बाद फिर से सीट पार्टी के खाते में जाएगी। बड़ी बात यह है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में इसी विधानसभा सीट पर बीजेपी 7 हजार वोट से सपा से हार गई थी।
मिल्कीपुर से अवधेश प्रसाद सपा विधायक थे। 2024 लोकसभा चुनाव में सपा ने उन्हें लोकसभा चुनाव लड़वाया। वह अयोध्या (फैजाबाद) से सांसद बन गए। तब से यह सीट खाली थी।मिल्कीपुर में उपचुनाव नवंबर में होने थे, लेकिन भाजपा नेता गोरखनाथ ने अवधेश प्रसाद के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर रखी थी। इसमें उनका नामांकन रद्द करने की मांग की थी। हालांकि, बाद में बाबा ने याचिका वापस ले ली थी।