सिर्फ बेचना और लूटना जानती है भाजपा : हाजी ओकास अंसारी

सिर्फ बेचना और लूटना जानती है भाजपा : हाजी ओकास अंसारी
  • युवाओं को हर साल रोजगार देने का किया था वादा, उल्टा रोजगार छीनकर हर साल युवाओं को किया बेरोजगार 
  • सच की आवाज उठाने वाले पर मुकदमा करवाकर डर का माहौल पैदा कर रही भाजपा
  • शिक्षा, स्वास्थ्य, मंहगाई और रोजगार के नाम पर भाजपा सरकार फेल
  • जो कांग्रेस ने बनाया उसे निजीकरण कर बेचने का काम कर रही भाजपा सरकार
  • 39 वार्ड जलालीपुरा से पार्षद है ओकास अंसारी 1986 में कांग्रेस से जुड़े, तबसे जनता की सेवा में जुटे

वाराणसी (रणभेरी): यूपी में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिये पार्टियों ने कमर कस ली है। चुनाव में कुछ ही महीने शेष हैं और राजनीतिक दल तैयारियों में जी जान से जुट गए हैं। एक तरफ गठबंधन की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं तो दूसरी ओर पार्टी की मजबूती और तैयारियों में आगे रहने पर भी जोर है। सत्ताधारी दल का पुराने साथियों को जोड़े रखने पर जोर है तो विपक्ष नए समीकरण गढ़ने में जुटा है। पर खुलकर पत्ते अब तक किसी ने नहीं खोले हैं। इस बीच कांग्रेस ने अभी से उम्मीदवारों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं भाजपा, सपा और बसपा जैसे बाकी दल संगठन की मजबूती में जुट गए हैं। कोशिश मूल वोट को एकजुट रखने के साथ ही दूसरी पार्टियों के बेस वोटों में सेंधमारी की है। संगठनों के नए पदाधिकारी इसी रणनीति के तहत तय किये जा रहे हैं। कांग्रेस इस बार यूपी में प्रियंका गांधी के नेतृत्व में आक्रामक रणनीति के साथ मैदान में है। यूपी में दलित पॉलिटिक्स को हवा देने से लेकर कानून व्यवस्था, बोरोजगारी और महंगाई जैसे जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रियंका गांधी समेत पूरी कांग्रेस भाजपा सरकार पर हमला करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है।

इस बीच कांग्रेस प्रत्याशियों के चयन में जुटी है। चुनावी घमासन के बीच प्रियंका गांधी ने महिलाओं के लिए पिटारा खोल दिया है। प्रियंका ने महिला घोषणापत्र जारी कर विपक्षी खेमे में खलबली मचाने की कोशिश की है। कांग्रेस के महिला घोषणापत्र में महिलाओं को लेकर कई वादे किए गए हैं। प्रियंका गांधी ने महिला घोषणा पत्र जारी करते हुए कहा कि ये पहला महिला घोषणा पत्र नहीं होगा, इससे दूसरे राजनीतिक दलों पर भी दबाव होगा कि महिलाओं की भागीदारी को सीरियसली लिया जाए। प्रियंका का कहना है कि महिलाओं को सशक्त करना कांग्रेस का उद्देश्य है। महिलाएं अगर अपनी शक्ति पहचान लें तो देश की राजनीति बदल सकती है। चुनाव से पहले सूबे की आधी आबादी को साधने की कोशिश में जुटी प्रियंका गांधी इंदिरा गांधी और सुचेता कृपलानी का नाम लेकर महिलाओं की जनभावना को उभारने की कोशिश भी कर रही है। 

यूपी विधानसभा चुनाव में प्रियंका गांधी द्वारा महिलाओं को 40% की भागीदारी, 20 लाख युवाओं को रोजगार, कॉलेज की लड़कियों को स्कूटी देने का वादा करके चुनावी दंगल में नया बदलाव ला दिया है। प्रियंका गांधी की सक्रियता ने यूपी विधानसभा चुनाव में एक नया मोड़ ला दिया है। प्रियंका गांधी जिस तरीके से निर्भीक होकर मैदान में उतरी है, उससे अन्य पार्टियों की नींदे गायब हो गई है। सभी पार्टियां विधानसभा चुनाव 2022 में अपना दमखम दिखाने में जुट गई है। इसी क्रम में आपका अखबार "रणभेरी" यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव 2022 की रणनीतियों को लेकर कांग्रेस पार्टी के उतरी विधानसभा से अपनी दावेदारी पेश करने जा रहे हाजी ओकास अंसारी से बात की। उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार किस तरीके से काम कर रही है और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी किस प्रकार तैयार है।

कांग्रेस के हाजी ओकास अंसारी से खास बातचीत

  • सवाल: सबसे पहले आप जनता को अपना परिचय दे दीजिये ? 

जवाब: मैं हाजी ओकास अंसारी, वार्ड नं 39  जलालीपुरा से पार्षद हूं, एवं कांग्रेस अल्पसंख्यक का प्रदेश उपाअध्यक्ष हूं। 1986 से ही कांग्रेस जुड़ा हूं और जनता की सेवा में लगा हूं। जनता की सेवा में इसी तरहआगे भी लगे रहेंगे। 

  • सवाल: राजनीति में आपके आने का क्या उद्देश्य था ?

जवाब: राजनीति कोई बिजनेस नहीं यह तो एक सेवा है। ऊपरवाले ने जनता की सेवा करने को भेजा है तो लगे है समाज सेवा में। मैं लोगों के सेवाभाव से राजनीति में आया हूं। जनता की समस्याओं को दूर करना चाहता हूं। मैंने कई जरूरतमंदों को अपना खून देकर मदद की है।मौका मिला तो क्षेत्र के विकास के लिए कार्य जरूर करूंगा। 

  • सवाल: वर्तमान में आपके क्षेत्र की जनता किन समस्याओं से जूझ रही है? अगर आप विधायक होंगे तो इन समस्याओं को कैसे दूर करेंगे ? 

जवाब: यह क्षेत्र पिछड़े वर्ग में आता है और यहां कई तरह की समस्याएं हैं। यहां कई कच्ची सड़कें हैं। सीवर की समस्या है। जनता की सबसे बड़ी परेशानी यहां बिजली, पानी और रास्ते की है। मैं विधायक बनता हूं तो जहां पीने का पानी नहीं है वहां नल की व्यवस्था, चलने के सुगम रास्ता बनाना, बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने के साथ साथ अन्य भी जरूरी चीजों पर काम करूंगा। जनता ने मुझे मौका दिया तो मैं इन मुद्दों को सदन में उठाऊंगा और दूर करने की अथक प्रयास करूंगा। 

  • सवाल: उत्तरी की सीट पर या तो भाजपा या तो सपा पार्टी ने ही जीत दर्ज की है। ऐसे में आपका क्या फॉमूर्ला है जीत दर्ज करने के लिए ? 

जवाब: ये बात सच है की उतरी की सीट पर शुरू से ही भाजपा और सपा पार्टियों का कब्जा रहा है, लेकिन जनता को जितनी उनसे अपेक्षा थी उसपर वो खरे नहीं उतरे। अगर कांग्रेस की सरकार आती है तो बुनियादी जरूरतों को दुरुस्त करने का काम करेगी ना की धर्म की राजनीति करेगी। जनता की जो  मुख्य जरूरतें रोटी, कपड़ा और मकान है, हम उसपर कार्य करेंगे। भाजपा की सरकार हम दो हमारे दो की सरकार है, अंबानी अडानी की सरकार है, अमित शाह और मोदी की सरकार है। इन्हे ये पता नहीं की सरकार सिर्फ दो या चार लोगों से नहीं चलती पूरी जनता को साथ लेकर चलना होता है। 

  • सवाल: भाजपा के सामने विपक्ष कमजोर औरहताश नजर आता, क्यों ? 

जवाब: विपक्ष कमजोर नहीं है पर भाजपा ने लोगों में एक डर बना रखा है। हमारे संविधान में भी लिखा है अपनी आवाज उठाने को। अपनी बात रखने की आजादी दी गई  है। लेकिन इन्होंने एक डर पैदा कर दिया है। जो भी कुछ बोलता है उसपे कोई न कोई मुकदमा, एफआईआर दर्ज हो जाता है। भाजपा सरकार संविधान को भी बदलने की कोशिश कर रही है। लोगों में डर बना रखा है। राहुल गांधी ने भी कहा है जो डर रहा है वो कांग्रेस पार्टी छोड़ दें। पर हम कांग्रेसी हैं देश के सिपाही है डरने वाले नहीं हैं। देश की जनता के लिए हम लड़ रहे हैं, उनकी समस्या और उनके विकास के लिए लड़ रहे हैं, देश को फिर से खड़ा करने के लिए लड़ रहे हैं तो हमलोग डरने वाले नहीं हैं। हम देश के लिए हमेशा लड़ते रहेंगे। 

  • सवाल: जनता महंगाई से त्रस्त है, युवा बेरोजगारी से परेशान हैं, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था भी ठीक नहीं है। आपकी क्या राय है ? 

जवाब: भाजपा सरकार ने आने से पहले कई वादे किए थे की हर साल दो करोड़ रोजगार देंगे पर ये तो हर साल दो करोड़ रोजगार छीन रहे हैं। छात्रों को पढ़ाई में दिक्कत होती है। शिक्षा महंगी हो गई है। हर सरकारी संपतियों का सरकार निजीकरण कर रही है। उसे बड़े बड़े उद्योगपतियों को सौंप रही है। यहीं कारण है कि महंगाई चरम सीमा पर पहुंच गई है। भाजपा जो बोलती है उसके विपरीत करती है। भाजपा सरकार न तो शिक्षा में सुधार किया, न ही स्वास्थ्य व्यवस्था ठीक की और न ही नौजवानों को नौकरी दिया। बस महंगाई का बोझ डाल दिया है जनता पर।

  • सवाल: भाजपा कहती है जो विकास 70 सालों में नहीं हुआ वह बीते 7 सालों में हुआ, क्या कहेंगे आप ? 

जवाब: उनका कहना सही है जो पिछले 70 सालों में नहीं हुआ वो भाजपा ने इन 7 साल में कर दिखाया। कांग्रेस जो देश की नींव बनाई, आईआईटी, आईआईएम, एम्स बनाए, रेलवे और एयरपोर्ट बनाए वही ये भाजपा सरकार बेच रही है। कुछ किया तो नहीं बस सब बेचते जा रहे हैं। पिछले7 सालों में यही किया इन्होंने। इन्हें बस बातें बनाने आता है। झूठ बोलने में इतने माहिर हैं कि सच भी फेल हो जाए। बस झूठे दावे करते हैं हमने ये किया, वो किया, पर सच में देश की संपत्ति बेचने के अलावा कुछ नहीं किया है। संविधान के चौथे स्तंभ माने जाने वाली मीडिया को भी इन्होंने नहीं छोड़ा, इनको भी अपने कब्जे में कर लिया और जिसे अब लोग गोदी मीडिया कहते है। वाकई में 70 सालों में जो नहीं हुआ वो इन 7 साल में हो गया। इन्होंने देश को 70 साल पिछले धकेल दिया है। आगामी विधानसभा चुनाव में जनता इसका जबाव देने जा रही है और कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। 

  • सवाल: चुनाव का समय आते ही भाजपा लोकार्पण पर लोकार्पण कर रही, इससे भाजपा को कितना फायदा होगा ? 

जवाब: चुनाव का समय है तो यह सरकार लोकार्पण पर लोकार्पण करेगी ही, पर होना कुछ नहीं है। जनता सब समझती है। कोरोना काल में पीएम मोदी ने 20 लाख करोड़ की योजना लाए थे लोगों की मदद करने के लिए पर किसी गरीब से पूछ लीजिए की उन्हें क्या मिला है अभी तक? पीएम केयर फंड में इतना पैसा दिया जनता ने पर किसी को कुछ नहीं मिला। ये भाजपा सरकार बस लूटने की योजना बनाती है। जिस तरह से रोजगार नहीं दिया, महंगाई चरम पर है लोग परेशान है जनता इनको अब वोट नहीं करने वाली। कुछ भक्त लोग हैं जो वोट करेंगे भाजपा को। ये बस दिखावा करते है और यह बात जनता जानती है। अभी विधानसभा चुनाव करीब है तो लोकार्पण कर रही है पर इसका कोई फायदा नहीं होगा। जनता ने बहुत झेल लिया अब योगी बाबा वापस मठ जायेंगे। 

  • सवाल: वर्तमान सरकार के साढ़े चार सालों को आप किस रूप मे देखते हैं ? 

जवाब : ये साढ़े चार साल पूरा झूठ के बुनियाद पे खड़ा था। विकास के नाम पे वराणसी में सिर्फ एक शिवपुर से एयरपोर्ट वाली रोड का ही निर्माण हुआ है। बनारस गलियों का शहर है। जाकर गलियों का हाल देखा जाए तो गलियां बजबजा रही है। चलने के लिए जगह नहीं हैं। बस साढ़े चार सालों में वादे ही हुए। धर्म के नाम पर लोगों को बस ठग गया। भाजपा के मंत्री, विधायक, कार्यकर्ता में  इतना अहंकार है जिसकी कोई सीमा नहीं।  इन्होंने जनता के साथ जो छल किया है उसका जवाब जनता देने जा रही है। 2022 में योगी जी को सत्ता से रवाना होने वाले हैं।

  • सवाल रणभेरी के माध्यम से जनता को क्या  संदेश देना चाहेंगे ? 

जवाब : जनता सर्वोपरि है। जनता समझदार है। वह जानते है की उनका एक वोट कितना महत्वपूर्ण है। बस इतना कहना चाहूंगा कि सिर्फ एक दिन का सोच कर वोट मत करियेगा। आने वाले और बीते साढ़े चार सालों को याद करके ही वोट करियेगा।