Baliya: मुंडन संस्कार में जा रही सवारियों से भरी नाव गंगा में डूबी, चारों तरफ मची रही चीख पुकार, तीन की मौत

Baliya: मुंडन संस्कार में जा रही सवारियों से भरी नाव गंगा में डूबी, चारों तरफ मची रही चीख पुकार, तीन की मौत

(रणभेरी): यूपी के बलिया जिले के माल्देपुर संगम घाट पर सोमवार सुबह मुंडन संस्कार के लिए गंगा पार जा रही सवारियों से भरी नाव डूब गई। इसमें कई लोगों के डूबने की आशंका है। स्थानीय नाविकों ने 12 से ज्यादा लोगों को नदी से सुरक्षित बार निकाला। दो महिलाओं का शव निकाला गया है। अन्य की तलाश पुलिस कर रही है। घटना से कोहराम मचा है। घाट किनारे ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी है। नाविक कमाने के चक्कर में एक नाव पर पाांच से दस ओहार वालों को बैठाकर गंगा पार पूजन को जा रहे थे। उसी दौरान दर्जनों महिला-पुरुष सवार एक नाव गंगा पार पूजन को जा रही थी।

माल्देपुर संगम घाट पर सोमवार सुबह लगभग 8 बजे मुंडन संस्कार के लिए गंगा के उस पार जा रही नाव डूब गई। नाव पर भी 30 से 35 लोग सवार थे। 12 लोगों को निकाला गया। शेष अन्य की तलाश जारी है। एनडीआरएफ की टीम भी बुलाई गई। 8 लोगों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा गया। इनमें से तीन महिलाओं की मौत हो गई। पांच घायलों में एक को गंभीर हालत में वाराणसी रेफर किया गया है। नाव डूबते ही घाट पर अफरा-तफरी की स्थिति मच गई। संयोग था का नाव पीपे के पास थी। रस्सियों और कपड़ों के सहारे कई लोगों को बचाया गया। नाव सवार पुरुषों ने स्वयं किसी तरीके से बच कर महिलाओं को निकालना शुरू किया। किनारे से भी लोग छोटी-छोटी नाव लेकर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू हुआ। परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह ने घटना की जांच की बात कही है। हादसे के बाद से घाट से लेकर अस्पताल तक घंटों तक चीखपुकार मची रही। घटनास्थल पर भारी भीड़ जुटी है। जिनके परिजन लापता हैं, उनका रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे से पहले तक मुंडन संस्कार के लिए चारों तरफ खुशियां थीं लेकिन अब माहौल गमगीन है। 
इसके बाद डीएम और एसपी भी मौके पर पहुंचे। इधर, पहले तीन लोगों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। साथ ही अलर्ट जारी कर दिया गया कि और भी लोग आ रहे हैं। नीचे की इमरजेंसी वार्ड खाली करा ली गई। 

इसमें तीन महिलाओं सीमा यादव (32) पुत्री मखनू यादव निवासी नवानगर थाना बांसडीहरोड, इंद्रावती देवी (60) पत्नी नेपाल खरवार निवासी सोनबरसा, गंगोत्री देवी (55) पत्नी मुख्तार खरवार निवासी सोनबरसा की डूबने से मौत हो गई। इसके अलावा सुकरा देवी (50) पत्नी शिवशंकर निवासी सागरपाली, मंजू देवी (32) पत्नी हरेंद्र प्रजापति निवासी लालगंज बैरिया, मालती देवी (55) निवासी सुखपुरा, सरोज कुमारी (35) पत्नी रंजीत कुमार ठाकुर निवासी न्यू बहेरी जलालपुर, जमुना देवी (45) पत्नी हरेराम यादव निवासी नवानगर थाना बांसडीहरोड का इलाज शुरू किया गया। मालती देवी को हालत गंभीर होने पर वाराणसी रेफर कर दिया गया। डीएम रविंद्र कुमार ने तीन मौत की पुष्टी की है। गंगा में डूबे लोगों की तलाश जारी है।