सेंगोल विवाद पर अमित शाह का तंज, भारतीय परंपरा और संस्कृति से कांग्रेस को इतनी नफरत क्यों?

सेंगोल विवाद पर अमित शाह का तंज, भारतीय परंपरा और संस्कृति से कांग्रेस को इतनी नफरत क्यों?

(रणभेरी): नए संसद भवन के उद्घाटन और उसमें रखे जाने वाले सेंगोल पर हुए विवाद के बाद आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। गृह मंत्री ने ट्वीट करते हुए कहा, 'कांग्रेस पार्टी भारतीय परंपराओं और संस्कृति से इतनी नफरत क्यों करती है? भारत की स्वतंत्रता के प्रतीक के रूप में तमिलनाडु के एक पवित्र शैव मठ द्वारा पंडित नेहरू को एक पवित्र सेंगोल दिया गया था, लेकिन इसे 'वॉकिंग स्टिक' के रूप में एक संग्रहालय में भेज दिया गया.' उन्होंने अगले ट्वीट में कहा, 'अब कांग्रेस ने एक और शर्मनाक अपमान किया है। थिरुवदुथुराई अधीनम नाम के एक पवित्र शैव मठ ने स्वयं भारत की स्वतंत्रता के समय सेंगोल के महत्व के बारे में बात की थी। कांग्रेस अधीनम के इतिहास को झूठा बता रही है! कांग्रेस को अपने व्यवहार पर विचार करने की जरूरत है.'

क्योंकि उन्होंने पार्टी के इस दावे का खंडन किया कि सेंगोल के 1947 में अंग्रेजों द्वारा भारत को सत्ता का हस्तांतरण करने का प्रतीक होने का कोई सबूत नहीं था। इससे पहले कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने शुक्रवार को दावा किया कि लॉर्ड माउंटबेटन, सी राजगोपालाचारी और जवाहरलाल नेहरू द्वारा सेंगोल को अंग्रेजों द्वारा भारत में सत्ता हस्तांतरण के प्रतीक के रूप में वर्णित करने का कोई दस्तावेजी साक्ष्य नहीं है। रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नए संसद भवन का उद्घाटन किए जाने के बाद सेंगोल को लोकसभा अध्यक्ष की कुर्सी के पास स्थापित किया जाएगा। कांग्रेस सहित 21 विपक्षी दलों द्वारा इस कार्यक्रम का बहिष्कार किया जा रहा है।