आगरा: थाने के अंदर महिला और लेडी कॉन्स्टेबल में जमकर मारपीट, वीडियो वायरल

आगरा: थाने के अंदर महिला और लेडी कॉन्स्टेबल में जमकर मारपीट, वीडियो वायरल

(रणभेरी): आगरा के ट्रांस यमुना थाने में महिला और लेडी कॉन्स्टेबल के बीच जमकर लात-घूंसे चले। घटना 19 अगस्त की बताई जा रही है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

क्या है मामला?

कालिंदी विहार निवासी सरजू यादव की पत्नी ने बताया कि सितंबर 2024 में उनके घर दिनदहाड़े चोरी हुई थी। उन्होंने इसकी FIR दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई न कर एफआर लगा दी। इसी को लेकर महिला दो दिन पहले थाना ट्रांस यमुना पहुंची और थाना प्रभारी रोहित कुमार से जवाब मांगा।

महिला का आरोप है कि पूछताछ के दौरान निलंबित दरोगा राजकुमार गोस्वामी को बुलाया गया, जिसने उसे “बदतमीज” कहकर शिकायत दबाने की कोशिश की। महिला का कहना है कि उसने इस पूरी बातचीत का वीडियो बना लिया। जैसे ही पुलिसकर्मियों को इसका पता चला, उन्होंने जबरन मोबाइल छीनने और कमरे में बंद कर मारपीट करने का प्रयास किया। महिला का आरोप है कि इस दौरान उसके कपड़े तक फाड़ दिए गए।

घटना से जुड़े तीन वीडियो

1. पहला वीडियो (महिला का) – महिला और लेडी कॉन्स्टेबल के बीच तीखी बहस होती दिखी। महिला FIR पर कार्रवाई न होने की शिकायत कर रही थी।

2. दूसरा वीडियो (पुलिस द्वारा जारी) – इसमें महिला पहले लेडी कॉन्स्टेबल को थप्पड़ मारती दिखी, इसके बाद कॉन्स्टेबल ने भी पलटवार किया।

3. तीसरा वीडियो (महिला का भावुक बयान) – रोते हुए महिला ने कहा कि पूरे थाना स्टाफ ने उसके साथ मारपीट की, कपड़े फाड़े गए और कमरे में बंद रखा गया। उसने चेतावनी दी कि अगर उसे न्याय नहीं मिला तो वह आत्महत्या कर लेगी।

पुलिस का पक्ष

ACP छत्ता पीयूष कांत राय ने बताया कि महिला ने थाने में घुसकर महिला पुलिसकर्मियों से मारपीट और अभद्रता की। अब वह अपने बचाव में सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो पोस्ट कर रही है। पुलिस ने महिला के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई कर अदालत में पेश किया है।

 फिलहाल, मामला पुलिस और महिला दोनों के आरोप–प्रत्यारोप के बीच फंसा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।