मां और बहन से झगड़ा करने के बाद पांचवीं मंजिल से कूद गई युवती, मौत

लखनऊ (रणभेरी): लखनऊ में 27 वर्षीय एक युवती ने इमारत से कूदकर आत्महत्या कर ली। युवती अपार्टमेंट की पांचवी मंजिल पर चढ़ी और नीचे छलांग लगा दी। आवाज सुनकर सिक्योरिटी गार्ड और अपार्टमेंट के लोग पहुंचे तो वह खून से लथपथ पड़ी थी। लोग उसे लोहिया अस्पताल लेकर पहुंची। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा दिया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अपनी मां के साथ विवाद करने के बाद युवती ने ये भयानक कदम उठाया है। पुलिस ने बताया कि युवती के परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है और अलग- अलग एंगल से जांच की जा रही है। डीसीपी ईस्ट जोन शशांक सिंह के अनुसार घर में किसी विवाद के बाद युवती ने सुसाइड किया है।
अपार्टमेंट में मोहिनी फ्लैट नंबर-501 में रहती थी। यहां उसके साथ मां और छोटी बहन भी रहती हैं। पिता का कुछ साल पहले देहांत हो गया था। बहन रागिनी सिटी मांटेसरी स्कूल में टीचर हैं। इंस्पेक्टर बीबीडी अजय नारायण सिंह ने बताया कि मोहिनी डिप्रेशन में थी। इसी के चलते गुरुवार रात 11.30 बजे उसने छलांग लगा दी। गुरवार को मां और बहन से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इसके बाद उसने हाथ की नस काटने का प्रयास भी किया था।
लोगों ने बताया कि घटना के बाद घर में मौजूद छोटी बहन रागिनी भी कैंची और चाकू लेकर बैठी थी। वो अपने हाथ की नस काटने का प्रयास कर रही थी। हालांकि आसपास के लोगों ने उसे बचा लिया। चाकू और कैंची छीन लिया। इसके बाद में रागिनी मंदिर के पास बैठकर रोती रही। पास से जैसे ही कोई हटाता तो रागिनी वापस धारदार हथियार खोजने लगती।
अपार्टमेंट के लोगों ने बताया कि परिवार के लोगों का किसी से ज्यादा मतलब नहीं रहता था। दोनों बहनों और मां के बीच अक्सर विवाद होता था। गुरुवार रात भी तीनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। इसी कारण मोहिनी नीचे कूद गई। पांचवीं मंजिल से नीचे गिरने की वजह से उसके शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आई थी।