वाराणसी में रेस्टोरेंट संचालक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, बाल-बाल बची जान, पुलिस को मिला खाली खोखा

वाराणसी में रेस्टोरेंट संचालक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, बाल-बाल बची जान, पुलिस को मिला खाली खोखा

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र में नगवां पावर हाउस के सामने बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक पर गोलियां चला दीं। गनीमत रही कि युवक बाल-बाल बच गया। हमलावर हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिहार निवासी आयुष सिंह वहां से गुजर रहा था। तभी 10-12 की संख्या में बाइक सवार युवक पहुंचे और उस पर गोलियां बरसा दीं। आयुष शोर मचाते हुए किसी तरह जान बचाकर भागा। पुलिस को मौके से एक खोखा बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब तीन राउंड फायरिंग की। पूरी घटना नजदीकी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

रेस्टोरेंट संचालक विदिप सिंह ने बताया कि आयुष उनके यहां काम करता था। उसका कुछ बदमाशों से पुराना विवाद था। घटना के समय बदमाश रेस्टोरेंट पर आए और आयुष के बारे में पूछताछ करने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने पहले उन्हें भी धमकाया और बंदूक तान दी। इसके बाद हवाई फायरिंग कर दी और फिर दो फायर आयुष को निशाना बनाकर किए।

डीसीपी क्राइम सरवणन टी. ने बताया कि पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। सभी आरोपियों की पहचान की जा रही है। पीड़ित विदिप सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें एक्टिव कर दी गई हैं।