दिल्ली में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, एक आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

दिल्ली में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, एक आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

(रणभेरी): दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय नाबालिग से कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है। पुलिस ने मंगलवार सुबह कार्रवाई करते हुए एक आरोपी आसिफ को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। इस दौरान आरोपी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के दौरान पुलिस टीम पर तीन राउंड फायर किए। एक गोली हेड कांस्टेबल राजेश की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिसमें आसिफ के दाहिने पैर में गोली लगी।

दर्शन के बाद दोस्त के साथ पार्क पहुंची थी नाबालिग

पुलिस के मुताबिक, नाबालिग सोमवार शाम करीब सात बजे अपने 17 वर्षीय दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर में दर्शन करने पहुंची थी। इसके बाद दोनों करीब 7:30 बजे आस्था कुंज पार्क के गेट नंबर सात से अंदर गए। आरोप है कि वहां तीन युवक उनके पास पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताया।

शिकायत के अनुसार, युवकों ने नाबालिग और उसके दोस्त को धमकाया और दोनों को अलग कर दिया। इसके बाद नाबालिग को पार्क के एक सुनसान हिस्से में ले जाया गया, जहां तीनों आरोपियों ने उसके साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपियों ने उसे धमकी भी दी।

रात 8:45 बजे पुलिस को मिली सूचना

पुलिस को रात करीब 8:45 बजे पीसीआर कॉल के जरिए घटना की सूचना मिली। इसके बाद अमर कॉलोनी थाने के एसएचओ और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। नाबालिग अपने दोस्त के साथ वहां मिली। पुलिस ने उसे मेडिकल जांच के लिए एम्स भेजा।घटनास्थल पर क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम ने जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कीं।

डीएम ऑफिस रोड पर पुलिस ने आसिफ को घेरा

जांच के दौरान पुलिस को आसिफ के अमर कॉलोनी स्थित डीएम ऑफिस रोड के पास होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया तो पुलिस के मुताबिक उसने तीन राउंड फायर किए।

एक गोली हेड कांस्टेबल राजेश की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। इसके बाद राजेश ने आत्मरक्षा में दो राउंड फायर किए। इनमें से एक गोली आसिफ के पैर में लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया।

मौके से बाइक और पिस्टल बरामद

मुठभेड़ के बाद क्राइम टीम और एफएसएल टीम ने घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने मौके से एक बाइक और पिस्टल बरामद की है। मामले में भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब फरार दो आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

इस महीने नाबालिगों से दुष्कर्म के तीन मामले

पुलिस के मुताबिक, दिल्ली में इस महीने नाबालिगों से दुष्कर्म के कई मामले सामने आए हैं। 12 सितंबर को स्वरूप नगर में 14 वर्षीय नाबालिग की सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला सामने आया था। वहीं 16 सितंबर को सदर बाजार इलाके में 10 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ था।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *