शत्रुघ्न सिन्हा ने फोटो के दौरान फैन को कहा- ‘हाथ नीचे’, वायरल वीडियो पर सोशल मीडिया में मची बहस

शत्रुघ्न सिन्हा ने फोटो के दौरान फैन को कहा- ‘हाथ नीचे’, वायरल वीडियो पर सोशल मीडिया में मची बहस

(रणभेरी): बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा एक बार फिर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक फैन को फोटो खिंचवाते समय हाथ नीचे करने के लिए कहते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद जहां कुछ लोगों ने अभिनेता के अंदाज को लेकर सवाल उठाए, वहीं कुछ यूजर्स ने इसे उनकी पुरानी शैली और बेबाक व्यक्तित्व का हिस्सा बताया।

जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो अभिनेत्री आकांक्षा रंजन कपूर और फिल्म निर्देशक शरण शर्मा के वेडिंग रिसेप्शन का बताया जा रहा है। कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब शत्रुघ्न सिन्हा बाहर निकल रहे थे, तभी एक फैन उनके साथ तस्वीर लेने के लिए पहुंच गया।

फोटो क्लिक कराते समय फैन ने कैमरे की तरफ हाथ से विक्ट्री साइन बनाया। इस दौरान शत्रुघ्न सिन्हा ने उसकी ओर देखा और तुरंत उसका हाथ नीचे करने को कहा। वीडियो में अभिनेता कहते सुनाई दे रहे हैं, “हाथ नीचे।” इसके बाद वह मुस्कुराते हुए मजाकिया अंदाज में कहते हैं, “मेरे सामने पोज मार रहा है।”

शत्रुघ्न सिन्हा ने फोटो के दौरान फैन को कहा- ‘हाथ नीचे’, वायरल वीडियो पर सोशल मीडिया में मची बहस

अभिनेता की इस प्रतिक्रिया के बाद फैन कुछ देर के लिए असहज नजर आया और वह वहां से पीछे हट गया। हालांकि, मौके पर मौजूद फोटोग्राफर लगातार तस्वीरें लेते रहे।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यूजर्स ने अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। कई लोगों ने फैन के समर्थन में कमेंट करते हुए कहा कि वह अभिनेता से मिलने के लिए उत्साहित था और इस तरह की प्रतिक्रिया से उसे बुरा लग सकता है। एक यूजर ने लिखा कि फैंस की वजह से ही कलाकारों की पहचान बनती है और उन्हें अपने चाहने वालों के साथ थोड़ा सहज रहना चाहिए।

वहीं, कुछ लोगों ने अभिनेता के पक्ष में भी बात रखी। उनका कहना था कि शत्रुघ्न सिन्हा लंबे समय से अपने अलग अंदाज और बेबाक बातचीत के लिए जाने जाते हैं और उनका यह व्यवहार मजाकिया लहजे में था।

शत्रुघ्न सिन्हा ने फोटो के दौरान फैन को कहा- ‘हाथ नीचे’, वायरल वीडियो पर सोशल मीडिया में मची बहस

पहले भी फैन को टोक चुके हैं शत्रुघ्न सिन्हा

शत्रुघ्न सिन्हा का फैन को इस तरह रोकना कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने एक व्यक्ति को हाथ नीचे करने के लिए कहा था। इसके अलावा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर फैसल राइडर के साथ भी ऐसा ही एक वीडियो चर्चा में आया था।

फैसल राइडर ने बाद में इस घटना को अपने लिए खास बताया था। उन्होंने कहा था कि शत्रुघ्न सिन्हा जैसे बड़े कलाकार के मुंह से निकली छोटी-सी बात भी उनके लिए यादगार बन गई। उन्होंने अभिनेता का आभार जताते हुए कहा था कि वह बचपन से उनकी फिल्में देखते आए हैं और उनके परिवार में भी अभिनेता के कई प्रशंसक हैं।

फैसल ने अभिनेता की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हुए कहा था कि शत्रुघ्न सिन्हा से जुड़ा यह पल उनके लिए हमेशा खास रहेगा।

फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा जारी है। कुछ लोग इसे अभिनेता का मजाकिया अंदाज बता रहे हैं, जबकि कुछ यूजर्स का मानना है कि प्रशंसकों के साथ बातचीत करते समय कलाकारों को थोड़ा और संवेदनशील रहना चाहिए।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *