राष्ट्रपति मुर्मू की फिल्मी सितारों से कहा : सेहत के लिए नुकसानदायक उत्पादों का विज्ञापन न करें, बोलीं- स्टार वही जो रोशनी फैलाए

राष्ट्रपति मुर्मू की फिल्मी सितारों से कहा : सेहत के लिए नुकसानदायक उत्पादों का विज्ञापन न करें, बोलीं- स्टार वही जो रोशनी फैलाए

(रणभेरी): 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने फिल्म कलाकारों की लोकप्रियता और उनके सामाजिक प्रभाव का उल्लेख करते हुए उनसे स्वास्थ्य के लिए हानिकारक उत्पादों के विज्ञापन से दूर रहने की अपील की। गुजरात में आयोजित समारोह में उन्होंने कहा कि लोकप्रिय कलाकारों की बातों का युवाओं और बच्चों पर गहरा असर पड़ता है।

राष्ट्रपति ने कहा कि जब चर्चित कलाकार स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली को बढ़ावा देते हैं तो बड़ी संख्या में युवा उनसे प्रेरणा लेते हैं। ऐसे में कलाकारों को अपने प्रभाव का इस्तेमाल सकारात्मक संदेश देने के लिए करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकप्रिय सितारों को ऐसे पदार्थों के प्रचार से बचना चाहिए जो लोगों के स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं।

फिल्म अवॉर्ड ज्यूरी में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर

राष्ट्रपति मुर्मू ने राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों के लिए फिल्मों का मूल्यांकन करने वाली ज्यूरी में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की बात भी कही। उन्होंने प्रत्येक क्षेत्रीय ज्यूरी में महिलाओं की पर्याप्त भागीदारी सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं का नजरिया शामिल होने से किसी विषय को देखने और समझने का दायरा व्यापक होता है।

राष्ट्रपति मुर्मू की फिल्मी सितारों से कहा : सेहत के लिए नुकसानदायक उत्पादों का विज्ञापन न करें, बोलीं- स्टार वही जो रोशनी फैलाए

विमल इलायची विज्ञापन को लेकर अभिनेता चर्चा में

राष्ट्रपति की अपील ऐसे समय आई है, जब विमल इलायची के विज्ञापन को लेकर अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ का नाम चर्चा में है। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने तीनों अभिनेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर विज्ञापन में उनकी भूमिका को लेकर स्पष्टीकरण मांगा था।

एफडीए का आरोप था कि इलायची के नाम से चलाया जा रहा अभियान पान मसाला के अप्रत्यक्ष प्रचार से जुड़ा हो सकता है। महाराष्ट्र में पान मसाला प्रतिबंधित है। इस मामले को लेकर कानूनी कार्रवाई भी हुई और दिल्ली हाईकोर्ट ने नोटिस को चुनौती देने वाली पीबी एग्रो एलएलपी की याचिका खारिज कर दी थी।

2022 में अक्षय कुमार भी विवादों में आए थे

पान मसाला विज्ञापन को लेकर अभिनेता अक्षय कुमार भी वर्ष 2022 में विवादों में रहे थे। अजय देवगन और शाहरुख खान के साथ एक विज्ञापन में नजर आने के बाद सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना हुई थी। इसके बाद अक्षय ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए ब्रांड से अलग होने का फैसला किया था।

अक्षय ने कहा था कि विज्ञापन से प्राप्त राशि को वह सामाजिक कार्य में देने का निर्णय लेंगे। हालांकि, वर्ष 2023 में पुराने विज्ञापन के प्रसारण के बाद एक बार फिर उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा।

बाद में अक्षय ने स्पष्ट किया था कि उक्त विज्ञापन नया शूट नहीं किया गया था। उनका कहना था कि इसकी शूटिंग वर्ष 2021 में ही हो चुकी थी और अनुबंध के चलते कंपनी को पुराने विज्ञापन के प्रसारण का अधिकार प्राप्त था। उन्होंने भविष्य में इस तरह के विज्ञापन नहीं करने की बात कही थी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *