(रणभेरी): मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में सोमवार को आगामी फिल्म Peddi के ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान फिल्म की स्टारकास्ट में अभिनेत्री Janhvi Kapoor और अभिनेता Ram Charan समेत कई कलाकार मौजूद रहे। इवेंट के दौरान हुआ एक घटनाक्रम अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
कार्यक्रम से सामने आए एक वीडियो में देखा जा सकता है कि मंच पर मौजूद जान्हवी कपूर के पास अचानक एक प्रशंसक सेल्फी लेने के लिए पहुंच जाता है। फैन के काफी करीब आने पर अभिनेत्री असहज नजर आईं। वीडियो में वह पास खड़े सुरक्षा कर्मी की ओर इशारा करती दिखाई देती हैं, जिसके बाद बॉडीगार्ड तुरंत सक्रिय हो जाता है और संबंधित युवक को मंच से नीचे कर देता है।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई यूजर्स ने अभिनेत्री के व्यवहार को लेकर नाराजगी जाहिर की। कुछ लोगों का कहना है कि कलाकारों को अपने प्रशंसकों के साथ संयम और सम्मान से पेश आना चाहिए, क्योंकि दर्शकों के समर्थन से ही फिल्म इंडस्ट्री आगे बढ़ती है। वहीं कुछ यूजर्स ने इसे सुरक्षा से जुड़ा सामान्य कदम बताते हुए अभिनेत्री का समर्थन भी किया।
इसी बीच अभिनेता Govinda से जुड़ा एक अन्य वीडियो भी चर्चा में है। हाल ही में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान उनके बॉडीगार्ड और पैपराजी के बीच बहस हो गई थी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भीड़ के बीच से गोविंदा को निकालने के दौरान बाउंसर्स ने लोगों को पीछे हटाया, जिससे मौके पर मौजूद फोटोग्राफर्स नाराज हो गए। बाद में गोविंदा ने खुद हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।
बता दें कि फिल्म Peddi एक पैन इंडिया प्रोजेक्ट है, जिसका निर्देशन Buchi Babu Sana ने किया है। फिल्म का संगीत A. R. Rahman ने तैयार किया है। यह जान्हवी कपूर की दूसरी तेलुगु फिल्म मानी जा रही है। इससे पहले उन्होंने वर्ष 2024 में Devara के जरिए तेलुगु सिनेमा में कदम रखा था।
फिल्म की रिलीज डेट को लेकर भी कई बार बदलाव किए गए। शुरुआत में इसे अभिनेता रामचरण के जन्मदिन के अवसर पर मार्च में रिलीज करने की योजना थी, लेकिन बाद में तारीख आगे बढ़ा दी गई। उद्योग सूत्रों के अनुसार, अन्य बड़ी फिल्मों से संभावित टकराव से बचने और पोस्ट-प्रोडक्शन कार्य पूरा करने के कारण रिलीज शेड्यूल में बदलाव किया गया। अब यह फिल्म 4 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
