(रणभेरी): चंदौली जिले में हाईवे पर राहगीरों और वाहन चालकों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना चंदौली पुलिस, स्वाट टीम और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में चार बदमाशों को गिरफ्तार किया गया, जबकि मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस और नकदी भी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि 17 मई को अमेठी निवासी ज्ञानेन्द्र तिवारी ने थाना चंदौली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि भगवानपुर नहर के समीप उनकी कार को जबरन रुकवाकर चार बदमाशों ने मारपीट की और लगभग 42 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी।
रविवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि लूट की वारदात में शामिल आरोपी भगवान तालाब क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही थाना पुलिस और स्वाट टीम ने इलाके की घेराबंदी कर जांच अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्धों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में बिहार के कैमूर जनपद के मोहनिया निवासी उपेंद्र यादव के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने मौके से तीन अन्य आरोपियों को भी दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सैयदराजा थाना क्षेत्र के दुधारी गांव निवासी मंजय कुमार, लोहिया नगर निवासी बहादुर ठठेरा तथा आजाद नगर निवासी मुस्तफा शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। पुलिस के अनुसार गिरोह सुनसान स्थानों और हाईवे किनारे राहगीरों को निशाना बनाता था। बदमाश कभी महिला बनकर मदद मांगते थे तो कभी वाहन खराब होने का बहाना बनाकर लोगों की गाड़ियां रुकवाते थे। जैसे ही चालक वाहन रोकता, आरोपी मारपीट कर नकदी, मोबाइल और अन्य कीमती सामान लूट लेते थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा और 2,045 रुपये नकद बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि घायल आरोपी उपेंद्र यादव के खिलाफ बिहार में लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और विभिन्न राज्यों में वारदातों को अंजाम देता था। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य घटनाओं और गिरोह से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।
