(रणभेरी): गोरखपुर के जिले के गोला कोतवाली क्षेत्र में छात्रा से छेड़खानी का मामला सामने आया है। एक युवक द्वारा छात्रा का हाथ पकड़कर उसे गली में खींचने की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई। वीडियो सामने आने के 24 घंटे के भीतर ही एंटी रोमियो स्क्वायड ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
घटना 16 जनवरी की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि गोला नगर पंचायत क्षेत्र में दो छात्राएं कोचिंग के लिए जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए एक युवक ने अचानक एक छात्रा का हाथ पकड़ लिया और उसे गली के भीतर खींचने का प्रयास किया। छात्रा घबरा गई, लेकिन साहस दिखाते हुए उसने झटके से हाथ छुड़ाया और मौके से भाग निकली। दूसरी छात्रा कुछ दूरी पर रुककर यह सब देखती रही।
घटना के दौरान गली में मौजूद लोगों ने युवक की हरकत को मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। अगले दिन वीडियो सामने आते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी।

एंटी रोमियो स्क्वायड की त्वरित कार्रवाई
पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की। स्थानीय प्रधान और मुखबिरों की मदद से रविवार को गोला क्षेत्र से आरोपी युवक को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम शुभम कुमार, निवासी गोला बताया और छात्रा से बदसलूकी करने की बात स्वीकार की।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी पुलिस के सामने अकड़ दिखाने लगा, जिस पर मौके पर मौजूद महिला सिपाही ने बीच बाजार उसे कड़ी फटकार लगाई। इस कार्रवाई को देखकर स्थानीय लोगों ने तालियां बजाईं और पुलिस की सराहना की। पुलिस हिरासत में आरोपी युवक ने हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए कहा कि उससे बड़ी गलती हो गई है और वह भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा नहीं करेगा।

अब तक छात्रा की ओर से शिकायत नहीं
इस मामले में अब तक पीड़ित छात्रा या उसके परिजनों की ओर से कोई लिखित या मौखिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस वीडियो साक्ष्य के आधार पर विधिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का बयान
सीओ गोला दरवेश कुमार ने बताया कि वीडियो के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल छात्रा की ओर से कोई प्रार्थना पत्र प्राप्त नहीं हुआ है।
