(रणभेरी): पुलिस लाइन स्थित आवासीय परिसर में रविवार रात एक महिला सिपाही की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पति के साथ विवाद के बाद 32 वर्षीय सिपाही प्रियंका ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालत बिगड़ने पर पति उसे पहले जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति देखते हुए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। उपचार के दौरान रात करीब 10 बजे उसकी मौत हो गई।
प्रियंका मूल रूप से सहारनपुर की रहने वाली थी और वर्तमान में सैफई थाने में सिपाही के पद पर तैनात थी। वर्ष 2019 में उसने उत्तर प्रदेश पुलिस में नौकरी ज्वाइन की थी। करीब तीन वर्ष पहले प्रियंका ने सहारनपुर निवासी रजत के साथ प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों इटावा पुलिस लाइन के आवासीय परिसर में रह रहे थे।
संडे बाजार से लौटने के बाद हुआ विवाद
पड़ोसियों के अनुसार, रविवार दोपहर प्रियंका अपने पति रजत के साथ खरीदारी करने के लिए संडे बाजार गई थी। दोनों शाम करीब साढ़े पांच बजे वापस पुलिस लाइन स्थित अपने आवास पर लौटे। घर आने के कुछ देर बाद पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी होने की बात सामने आई है।
करीब एक घंटे बाद रजत अपनी डेढ़ साल की बेटी को पड़ोसी के घर छोड़कर गया। उसने पड़ोसी को बताया कि प्रियंका की तबीयत अचानक खराब हो गई है। इसके बाद वह प्रियंका को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गया।
बाद में रजत ने पड़ोसी को फोन करके घर से कपड़े लाने के लिए कहा। पड़ोसी जब अस्पताल पहुंचा तो उसे जानकारी हुई कि प्रियंका ने जहरीला पदार्थ खा लिया है। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे सैफई मेडिकल कॉलेज भेज दिया। वहां उपचार के दौरान प्रियंका ने दम तोड़ दिया।
दो छोटे बच्चों को छोड़ गई पीछे
प्रियंका और रजत के दो छोटे बच्चे हैं। उनकी बेटी करीब डेढ़ वर्ष की है, जबकि बेटा अभी छह महीने का है। जानकारी के मुताबिक बेटी अपनी दादी के पास रहती है, जबकि छह महीने का बेटा प्रियंका के साथ रहता था। महिला सिपाही की अचानक मौत के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
रजत के बेरोजगार होने की बात भी सामने आई है। वह मूल रूप से सहारनपुर का ही रहने वाला है और शादी के बाद से प्रियंका के साथ इटावा पुलिस लाइन में रह रहा था।
पुलिस ने शुरू की जांच
महिला सिपाही की मौत की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जानकारी लेने के साथ ही पति रजत से पूछताछ की।
सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी केके मिश्रा के मुताबिक, शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद प्रियंका द्वारा जहरीला पदार्थ खाने की बात सामने आई है। पुलिस परिवार के लोगों और आसपास रहने वाले लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे की वास्तविक वजह जानने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
