प्रेम संबंध से नाराज भाई ने बहन की बांके से काटकर हत्या, 9 दिन पहले प्रेमी के साथ घर छोड़कर गई थी किशोरी

प्रेम संबंध से नाराज भाई ने बहन की बांके से काटकर हत्या, 9 दिन पहले प्रेमी के साथ घर छोड़कर गई थी किशोरी

(रणभेरी): सीतापुर जिले के मथुरा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई। गांव में रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी की उसके ही बड़े भाई ने धारदार बांके से हमला कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि युवती के प्रेम संबंधों को लेकर परिवार में लंबे समय से तनाव था। कुछ दिन पहले वह अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया था। इसी घटना को लेकर भाई लगातार नाराज चल रहा था। शनिवार सुबह दोनों के बीच फिर विवाद हुआ और देखते ही देखते भाई ने बहन पर जानलेवा हमला कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।

घर के बाहर तक दौड़ाकर किया हमला

जानकारी के अनुसार, मथुरा थाना क्षेत्र के बजेहरा गांव निवासी किसान राजाराम यादव के परिवार में पत्नी, तीन बेटे और दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि 17 वर्षीय सुमित्रा घर पर ही रहती थी। परिवार का एक बेटा बाहर नौकरी करता है और दूसरा घटना के समय किसी काम से लखनऊ गया हुआ था।

बताया गया कि शनिवार सुबह करीब सात बजे सुमित्रा और उसके छोटे भाई कोमल के बीच कहासुनी शुरू हुई। परिवार के लोगों ने दोनों को शांत कराने की कोशिश की। कुछ देर बाद कोमल दोबारा गुस्से में घर लौटा और बहन से मारपीट करने लगा। जान बचाने के लिए किशोरी घर से बाहर भागी, लेकिन आरोपी ने घर में रखा बांका उठाया और उसका पीछा करते हुए ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल किशोरी मौके पर ही गिर पड़ी, लेकिन आरोपी तब तक हमला करता रहा जब तक उसकी मौत नहीं हो गई।

प्रेम संबंध से नाराज भाई ने बहन की बांके से काटकर हत्या, 9 दिन पहले प्रेमी के साथ घर छोड़कर गई थी किशोरी

मां की आंखों के सामने हुई वारदात

मृतका की मां रामरानी के अनुसार, सुबह दोनों भाई-बहन के बीच विवाद हुआ था, जिसे उन्होंने किसी तरह शांत करा दिया था। उन्होंने बेटे को बाहर भी भेज दिया था, लेकिन वह थोड़ी देर बाद दोबारा लौट आया। इसके बाद उसने गुस्से में बेटी पर हमला कर दिया। बेटी बचने के लिए भागी, लेकिन आरोपी ने पीछा कर धारदार हथियार से कई वार किए। जब तक वह मौके पर पहुंचतीं, तब तक बेटी गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

प्रेम संबंध से नाराज भाई ने बहन की बांके से काटकर हत्या, 9 दिन पहले प्रेमी के साथ घर छोड़कर गई थी किशोरी

प्रेम संबंध बना हत्या की वजह

पुलिस जांच में सामने आया है कि किशोरी का गांव के ही एक युवक से प्रेम संबंध था। लगभग नौ दिन पहले वह उसके साथ घर छोड़कर चली गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अगले ही दिन दोनों को बरामद कर लिया था और किशोरी को परिवार के हवाले कर दिया था। इसके बाद से घर में इस बात को लेकर लगातार विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि भाई इस घटना से बेहद नाराज था और आए दिन बहन से झगड़ा करता था। प्रारंभिक जांच में इसी विवाद को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है।

गांव में पसरा मातम, पुलिस कर रही तलाश

घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम संबंध के विरोध में की गई हत्या का प्रतीत होता है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *