वाराणसी (रणभेरी): उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बुधवार को वाराणसी पहुंचकर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए। उन्होंने मंदिर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया और प्रदेश की खुशहाली, शांति एवं जनकल्याण की कामना की।
मंदिर परिसर में पहुंचने पर डिप्टी सीएम ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक और पूजन किया। दर्शन के बाद वह मंदिर से बाहर आए और मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि काशी की पावन धरती पर बाबा विश्वनाथ के दर्शन करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। बाबा का आशीर्वाद सभी लोगों पर बना रहे, यही उनकी प्रार्थना है।
ब्रजेश पाठक ने सावन माह की तैयारियों को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सावन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु काशी पहुंचते हैं, जिसे देखते हुए प्रशासन ने सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर दर्शन व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई है।

उन्होंने बताया कि मंदिर क्षेत्र में भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि सावन के पवित्र महीने में देश-विदेश से आने वाले भक्तों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम में आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। सावन के दौरान भक्तों की बढ़ती संख्या को देखते हुए व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है।

दर्शन-पूजन के बाद डिप्टी सीएम ने मंदिर परिसर का जायजा भी लिया और अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने सावन पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी रखने के निर्देश दिए।
