पड़ोसी के घर में मिला 10 वर्षीय बच्चे का शव, अपहरण के बाद हत्या का खुलासा; कंप्यूटर शिक्षक गिरफ्तार

पड़ोसी के घर में मिला 10 वर्षीय बच्चे का शव, अपहरण के बाद हत्या का खुलासा; कंप्यूटर शिक्षक गिरफ्तार

(रणभेरी): गोरखपुर के खजनी कस्बे में सोमवार शाम से लापता हुए 10 वर्षीय वैभव वर्मा की हत्या का मामला सामने आया है। ज्वैलरी कारोबारी परिवार के इस बच्चे का शव उसके घर से कुछ दूरी पर रहने वाले पड़ोसी के मकान के बेसमेंट से बरामद किया गया। पुलिस ने मामले में पड़ोस में रहने वाले कंप्यूटर शिक्षक सर्वेश भट्ट को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बच्चे की हत्या करने की बात स्वीकार की है। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।

स्कूल से लौटने के बाद खेलते समय गायब हुआ वैभव

खजनी कस्बे के रहने वाले लक्ष्मी नारायण वर्मा इलाके के प्रमुख ज्वैलरी कारोबारियों में शामिल हैं। उनके बेटे हनुमान वर्मा का छोटा बेटा वैभव नवल्स एकेडमी में कक्षा चार का छात्र था। सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे वैभव स्कूल से घर लौटा। उसने बैग रखा और कपड़े बदलने के बाद साइकिल लेकर बाहर खेलने निकल गया। परिवार के मुताबिक उसकी दादी ने उसे खाना खाने के लिए बुलाया, लेकिन वैभव ने थोड़ी देर बाद आने की बात कही। करीब आधे घंटे बाद पड़ोसियों ने परिवार को बताया कि बच्चे की साइकिल घर के पीछे लावारिस हालत में खड़ी मिली है। इसके बाद परिवार के लोग उसकी तलाश में जुट गए।

पड़ोसी के घर में मिला 10 वर्षीय बच्चे का शव, अपहरण के बाद हत्या का खुलासा; कंप्यूटर शिक्षक गिरफ्तार

खेत में मिली चप्पल, अपहरण की आशंका

परिजनों ने आसपास के इलाकों, रिश्तेदारों और वैभव के दोस्तों से जानकारी जुटाई, लेकिन बच्चे का कोई पता नहीं चला। तलाश के दौरान साइकिल मिलने वाली जगह से करीब 100 मीटर दूर खाली खेत में वैभव की एक चप्पल मिली। चप्पल मिलने के बाद परिवार को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज

एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की और खोजी कुत्तों की मदद से भी बच्चे की तलाश की गई। जांच के दौरान एक सीसीटीवी फुटेज में वैभव एक व्यक्ति के साथ जाता हुआ दिखाई दिया। फुटेज में बच्चा आगे चल रहा था, जबकि एक युवक उसके पीछे नजर आ रहा था। परिवार वालों से फुटेज में दिख रहे व्यक्ति की पहचान कराई गई। परिजनों ने उसकी पहचान पड़ोस में रहने वाले सर्वेश भट्ट के रूप में की।

पड़ोसी के घर में मिला 10 वर्षीय बच्चे का शव, अपहरण के बाद हत्या का खुलासा; कंप्यूटर शिक्षक गिरफ्तार

पूछताछ में आरोपी ने कबूला अपराध

पुलिस ने सर्वेश भट्ट को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में मामला सामने आने के बाद पुलिस आरोपी को उसके घर लेकर पहुंची। पुलिस के अनुसार आरोपी के घर के बेसमेंट से वैभव का शव बरामद किया गया। शव को बोरे में रखकर अनाज की बोरियों के बीच छिपाया गया था। पुलिस का कहना है कि आरोपी वैभव का परिचित था और पड़ोसी होने के कारण बच्चा उसे जानता था। इसी वजह से वह उसके साथ चला गया। बाद में आरोपी बच्चे को अपने घर ले गया और वारदात को अंजाम दिया।

परिवार के लोग ऊपर थे, नीचे बेसमेंट में हुई वारदात

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी का मकान दो मंजिला है, जिसमें बेसमेंट भी बना हुआ है। परिवार के सदस्य ऊपर रहते थे। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने इसी दौरान बेसमेंट में बच्चे की हत्या की और शव को छिपा दिया। आरोपी की योजना शव को बाद में ठिकाने लगाने की थी, लेकिन पुलिस की जांच के कारण मामला जल्दी खुल गया।

पड़ोसी के घर में मिला 10 वर्षीय बच्चे का शव, अपहरण के बाद हत्या का खुलासा; कंप्यूटर शिक्षक गिरफ्तार

आरोपी के परिवार से भी पूछताछ

घटना के बाद वैभव के परिवार और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंचे और आरोपी को कठोर सजा देने की मांग की।
परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई का भरोसा दिया। पुलिस ने आरोपी के परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की है और आरोपी के घर पर सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

एक महीने पहले हुई थी वैभव की मां की मौत

वैभव के पिता हनुमान वर्मा ने बताया कि करीब डेढ़ महीने पहले बीमारी के कारण उनकी पत्नी श्वेता वर्मा का निधन हो गया था। इसके बाद वैभव उनके काफी करीब हो गया था और ज्यादा समय उनके साथ ही रहता था। परिजनों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद उन्हें अपहरण की आशंका हुई थी। पुलिस की जांच और फुटेज के आधार पर पड़ोसी सर्वेश पर शक गया, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। फिलहाल पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य पहलुओं की जांच जारी है

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *