उधारी के 4 लाख रुपये मांगने गए मैकेनिक की संदिग्ध मौत, पड़ोसी पर हत्या का आरोप; परिजनों के हंगामे के बाद आरोपी हिरासत में

उधारी के 4 लाख रुपये मांगने गए मैकेनिक की संदिग्ध मौत, पड़ोसी पर हत्या का आरोप; परिजनों के हंगामे के बाद आरोपी हिरासत में

(रणभेरी): ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र में रविवार को एक मैकेनिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। परिजनों ने पड़ोसी पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और आरोपी को उनके हवाले करने की मांग पर अड़ गए। करीब तीन घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। वहीं, आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, फाउंड्री नगर निवासी दिनेश शर्मा (55) मशीनों की मरम्मत का कार्य करते थे। उनके परिवार में पत्नी मंजू शर्मा, दो बेटे और दो बेटियां हैं। रविवार सुबह उनका शव घर के बाहर पड़ा मिला। परिजनों ने जब उन्हें अस्पताल पहुंचाया तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

रुपये मांगने गए थे, लौटी लाश

मृतक की पत्नी मंजू शर्मा का आरोप है कि उनके पति ने पड़ोस में रहने वाले उदय अग्रवाल उर्फ कुल्ली को करीब चार लाख रुपये उधार दिए थे। रविवार सुबह करीब नौ बजे दिनेश अपनी रकम वापस मांगने उसके घर गए थे। इसके बाद करीब डेढ़ घंटे तक वह वापस नहीं लौटे। कुछ देर बाद उनका शव घर के बाहर पड़ा मिला। परिजनों का आरोप है कि रुपये के विवाद में उनके साथ मारपीट की गई और बाद में शव को घर के बाहर फेंक दिया गया।

पैर पर मिले चोट के निशान, हत्या का लगाया आरोप

परिवार का कहना है कि शव पर चोट के निशान मौजूद थे, विशेष रूप से पैर पर चोट दिखाई दे रही थी। इसी आधार पर उन्होंने इसे हत्या का मामला बताते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए।

आरोपी के घर के बाहर हंगामा, पुलिस से हुई नोकझोंक

मृतक के परिजन और मोहल्ले के लोगों ने आरोपी के मकान को घेर लिया और उसे बाहर निकालने की मांग करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोश बढ़ता गया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शन कर रहे लोगों के बीच धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक भी हुई।हंगामे के दौरान मृतक की पत्नी और बेटी की तबीयत बिगड़ गई और दोनों आरोपी के घर के बाहर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और आरोपी के घर के बाहर सुरक्षा घेरा बना दिया गया।

तीन घंटे बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया शव

परिजन आरोपी की गिरफ्तारी और उसे सामने लाने की मांग पर अड़े रहे, जिसके चलते पुलिस काफी देर तक शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नहीं भेज सकी। लगभग तीन घंटे की समझाइश के बाद दोपहर करीब ढाई बजे परिजन मान गए, जिसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

मंजू शर्मा का कहना है कि आरोपी क्षेत्र में ब्याज पर रुपये देने का काम करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाके के कई मकान उसके पास गिरवी हैं और लोगों से ऊंची दर पर ब्याज वसूला जाता है। उन्होंने यह भी दावा किया कि आरोपी पक्ष का पहले भी आपराधिक मामलों से संबंध रहा है, जिसके कारण लोग उसके खिलाफ खुलकर बोलने से डरते हैं।

पुलिस का पक्ष

मामले में एसीपी श्वेता ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि दिनेश शर्मा अपने पड़ोसी से रुपये लेने गए थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई, जिसमें गिरने से उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है तथा आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *