(रणभेरी): चंदौली जिले के डीडीयू नगर में सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत किए जा रहे ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। वर्षों पुराने काली मंदिर को हटाने की कार्रवाई के बीच मंदिर का विशाल गुंबद अचानक ढह गया। गिरते समय गुंबद पहले ध्वस्तीकरण में लगे बुलडोजर से टकराया और फिर दिशा बदलते हुए वहां मौजूद लोगों की ओर जा गिरा। हादसे में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि एक स्थानीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात में प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की देखरेख में मंदिर को मशीनों की सहायता से हटाया जा रहा था। इसी दौरान मंदिर का ऊपरी हिस्सा अचानक असंतुलित होकर भरभराकर नीचे आ गिरा। गुंबद के गिरने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
हादसे में पीडब्ल्यूडी कर्मचारी बलदेव यादव (59 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके साथ एक स्थानीय नागरिक भी मलबे की चपेट में आ गया। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान बलदेव यादव को मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल का इलाज जारी है और उसकी स्थिति पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया और सुरक्षा कारणों से ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया कुछ समय के लिए रोक दी गई। अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम का निरीक्षण किया तथा संबंधित कर्मचारियों से जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार, मुगलसराय रेलवे स्टेशन के सामने स्थित यह प्राचीन काली मंदिर सड़क चौड़ीकरण योजना के दायरे में आ गया था। स्थानीय लोगों की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए पहले वैकल्पिक स्थान पर नया मंदिर तैयार कराया गया। विधि-विधान और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ मां काली की प्रतिमा को नए मंदिर में स्थापित किए जाने के बाद पुराने मंदिर को हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई थी।
प्रशासन का कहना है कि ध्वस्तीकरण का कार्य तय सुरक्षा मानकों के तहत कराया जा रहा था, लेकिन हादसे के बाद पूरी प्रक्रिया की समीक्षा की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि कहीं सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की चूक तो नहीं हुई।
इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मृतक पीडब्ल्यूडी कर्मचारी के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायल व्यक्ति के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
