वाराणसी (रणभेरी): जंसा थाना क्षेत्र के संजोई गांव के समीप गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक किसी ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और संबंधित अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे तथा शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक गुरुवार सुबह लगभग 10 बजे चौखंडी रेलवे स्टेशन से जुड़े अधिकारियों और डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि संजोई गांव के पास रेलवे लाइन पर एक युवक का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही जंसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर युवक का शव क्षत-विक्षत अवस्था में रेलवे ट्रैक पर मिला, जिसके चलते शुरुआती दौर में उसकी पहचान नहीं हो सकी।
पहचान के लिए पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों और ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। काफी प्रयास के बाद मृतक की पहचान श्यामू शर्मा (28 वर्ष) पुत्र रामचंद्र शर्मा, निवासी ग्राम संजोई, थाना जंसा, वाराणसी के रूप में हुई। पहचान की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने तत्काल परिजनों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्य और गांव के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आवश्यक साक्ष्य जुटाए और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शिवपुर स्थित मोर्चरी भेज दिया। मामले में पंचायतनामा की कार्रवाई भी की जा रही है।
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि युवक किन परिस्थितियों में रेलवे ट्रैक पर पहुंचा और हादसा कैसे हुआ। प्रारंभिक जांच में इसे रेलवे दुर्घटना माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि युवक की असमय मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद यदि कोई नया तथ्य सामने आता है तो उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
