(रणभेरी): भदोही जिले के दुर्गागंज थाना क्षेत्र में क्रिकेट खेलने के दौरान शुरू हुआ एक मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी घटना में बदल गया। नो-बॉल को लेकर दो नाबालिग छात्रों के बीच हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक छात्र ने दूसरे पर क्रिकेट बैट से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से घायल 12 वर्षीय छात्र की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, घटना उस समय हुई जब गांव में बच्चे आपस में क्रिकेट खेल रहे थे। खेल के दौरान नो-बॉल को लेकर दोनों छात्रों के बीच विवाद शुरू हुआ। पहले दोनों के बीच बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान 14 वर्षीय छात्र ने गुस्से में आकर अपने हाथ में मौजूद क्रिकेट बैट से 12 वर्षीय आदित्य गौतम के सिर पर जोरदार वार कर दिया।
बैट लगते ही आदित्य गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसके सिर से काफी खून बहने लगा। घटना से वहां मौजूद बच्चों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। परिजन तुरंत उसे पास के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही दुर्गागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। चूंकि आरोपी नाबालिग है, इसलिए किशोर न्याय अधिनियम के तहत उसे नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला क्रिकेट खेलने के दौरान हुए विवाद का सामने आया है। हालांकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एक मामूली खेल के विवाद का इस तरह दुखद अंत होने से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और बच्चों के बीच बढ़ते गुस्से व हिंसक व्यवहार को लेकर चिंता जता रहे हैं।
