वाराणसी (रणभेरी): काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में सीयूईटी-पीजी के माध्यम से स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने 30 जुलाई से नए शैक्षणिक सत्र की कक्षाएं शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है। अधिकांश सीटों पर प्रवेश हो चुका है, हालांकि विभिन्न आरक्षित श्रेणियों और सुपरन्यूमरेरी कोटे की करीब ढाई हजार सीटें अभी भी खाली हैं। इन रिक्त सीटों को भरने के लिए विश्वविद्यालय स्पॉट रजिस्ट्रेशन और स्पॉट एडमिशन राउंड आयोजित करेगा।
केंद्रीय प्रवेश समिति की ओर से जारी संभावित कार्यक्रम के अनुसार, 10 जुलाई से 14 जुलाई तक स्पॉट रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया चलेगी। इस अवधि में सीयूईटी-पीजी में पात्र अभ्यर्थी उपलब्ध सीटों के अनुसार संबंधित पाठ्यक्रमों के लिए अपना पंजीकरण करा सकेंगे। इसके बाद 16 जुलाई को पहले स्पॉट राउंड के तहत सीटों का आवंटन किया जाएगा।
यदि पहले स्पॉट राउंड के बाद भी कुछ सीटें रिक्त रहती हैं तो विश्वविद्यालय 20 जुलाई को दूसरा स्पॉट राउंड आयोजित करेगा। स्पॉट राउंड में चयनित अभ्यर्थियों को 22 जुलाई से उनके स्टूडेंट पोर्टल पर कॉल लेटर उपलब्ध करा दिए जाएंगे, ताकि वे समय पर आगे की प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर सकें।
प्रवेश कार्यक्रम के अनुसार, 27 जुलाई को पहले सीट आवंटन राउंड तथा ग्रुप डिस्कशन, पर्सनल इंटरव्यू (जीडीपीआई) वाले पाठ्यक्रमों के चयनित अभ्यर्थियों को संबंधित विभागों और कॉलेजों में दस्तावेज सत्यापन एवं रिपोर्टिंग करनी होगी। वहीं 28 जुलाई को दूसरे, तीसरे और चौथे आवंटन राउंड के साथ-साथ सभी स्पॉट राउंड में चयनित छात्रों की रिपोर्टिंग कराई जाएगी। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद 30 जुलाई से नए सत्र की नियमित कक्षाओं का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
8400 पीजी सीटों में अधिकांश पर प्रवेश पूरा
विश्वविद्यालय में इस वर्ष स्नातकोत्तर स्तर के विभिन्न पाठ्यक्रमों में कुल 8400 सीटों पर प्रवेश की व्यवस्था की गई है। इनमें अधिकांश सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। जिन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ग्रुप डिस्कशन, पर्सनल इंटरव्यू अथवा प्रायोगिक परीक्षा आयोजित की जाती है, ऐसे 27 पाठ्यक्रमों की लगभग 1400 सीटों में से करीब आधी सीटों पर प्रवेश हो चुका है।
वहीं सामान्य प्रवेश वाले 123 पीजी पाठ्यक्रमों में भी पांच हजार से अधिक अभ्यर्थी दाखिला ले चुके हैं। शेष रिक्त सीटों को स्पॉट राउंड के माध्यम से भरने की तैयारी की जा रही है, जिससे नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से पहले प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो सके।
विदेशी छात्रों के लिए भी बढ़ा आकर्षण
पीजी प्रवेश प्रक्रिया के साथ-साथ विश्वविद्यालय ने अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों के लिए संचालित ऑनलाइन प्रवेश पोर्टल को भी सक्रिय कर दिया है। इस वर्ष बीएचयू के 585 शैक्षणिक कार्यक्रमों में विदेशी छात्रों के लिए निर्धारित 25 प्रतिशत सीटों पर प्रवेश दिए जाएंगे।
विश्वविद्यालय को अब तक विदेशों से लगभग 1500 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इसके अलावा विभिन्न पाठ्यक्रमों से संबंधित जानकारी के लिए पांच हजार से अधिक बार प्रवेश बुलेटिन डाउनलोड किए जा चुके हैं और बड़ी संख्या में पूछताछ भी दर्ज की गई है। इससे स्पष्ट है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बीएचयू के पाठ्यक्रमों के प्रति विद्यार्थियों की रुचि लगातार बढ़ रही है।
ऑनलाइन पोर्टल से होगी पूरी प्रक्रिया
विदेशी छात्रों के प्रवेश को अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय ने पिछले वर्ष एक समर्पित ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया था। इसके बाद ईमेल अथवा ऑफलाइन माध्यम से आवेदन स्वीकार करने की व्यवस्था समाप्त कर दी गई। अब सभी अंतरराष्ट्रीय अभ्यर्थियों को इसी पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना होता है।
नई व्यवस्था के तहत विदेशी छात्रों के लिए आरक्षित 25 प्रतिशत सीटों में से 5 प्रतिशत सीटें एनआरआई अभिभावकों के बच्चों के लिए तथा 5 प्रतिशत सीटें खाड़ी देशों में कार्यरत भारतीय नागरिकों के बच्चों के लिए निर्धारित की गई हैं। इसके अतिरिक्त शुल्क संरचना भी सार्क देशों और गैर-सार्क देशों के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग तय की गई है।
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि स्पॉट राउंड पूरा होने के बाद सभी रिक्त सीटों को भरने का प्रयास किया जाएगा, ताकि निर्धारित समय पर नया शैक्षणिक सत्र बिना किसी विलंब के शुरू हो सके।
