वाराणसी: दालमंडी चौड़ीकरण अभियान तेज, तीन अवैध मकान ध्वस्त, करीब 170 ढांचों पर चल चुका बुलडोज़र

वाराणसी: दालमंडी चौड़ीकरण अभियान तेज, तीन अवैध मकान ध्वस्त, करीब 170 ढांचों पर चल चुका बुलडोज़र

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के दालमंडी क्षेत्र में चल रहे चौड़ीकरण अभियान के तहत सोमवार को एक बार फिर वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) ने बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण ने पहले से अवैध घोषित तीन मकानों को पोकलैंड मशीन की मदद से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई से पहले इन मकानों को खाली करने के लिए नोटिस जारी किए गए थे और रविवार को मुनादी कराकर स्थानीय लोगों को पहले ही सूचित कर दिया गया था।

जिन भवनों को इस बार हटाया गया उनमें मकान संख्या CK-42/105, CK-40/73 और CK-43/148 शामिल हैं। प्रशासनिक टीम की मौजूदगी में इन मकानों को खाली करवाया गया और लगभग आधे घंटे की प्रक्रिया के बाद ध्वस्तीकरण शुरू कर दिया गया। पोकलैंड मशीनों ने करीब दो घंटे में तीनों ढांचों को पूरी तरह जमींदोज कर दिया।

मौके पर एडीएम सिटी राजेश कुमार, एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी और लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशासी अभियंता केके सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। पूरी कार्रवाई को सुरक्षा व्यवस्था के बीच अंजाम दिया गया।

वाराणसी: दालमंडी चौड़ीकरण अभियान तेज, तीन अवैध मकान ध्वस्त, करीब 170 ढांचों पर चल चुका बुलडोज़र

ध्वस्तीकरण के बाद इलाके में मलबा हटाने और सफाई का काम भी तेजी से चल रहा है। तीन जेसीबी मशीनों की मदद से आधे टूटे और बचे हुए ढांचों को भी हटाया जा रहा है। साथ ही रात के समय मलबा हटाने का काम भी जारी रखा जा रहा है ताकि यातायात और निर्माण कार्य में बाधा न आए।

PWD अधिकारियों के अनुसार अब तक दालमंडी क्षेत्र में लगभग 165 से 170 मकानों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा चुकी है। इसके अलावा पांच मस्जिदों के कुछ हिस्सों को भी सहमति के आधार पर चौड़ीकरण योजना के तहत हटाया जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि जुलाई माह तक पूरे दालमंडी क्षेत्र को चौड़ा कर उसकी फेंसिंग पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद अगस्त से सड़क निर्माण का कार्य शुरू करने की योजना है, जिसे एक महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

इस परियोजना के पूरा होने के बाद दालमंडी से होकर श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर तक पहुंचने के लिए एक नया और अधिक सुगम मार्ग उपलब्ध होगा, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *